बारासगवर थानाक्षेत्र के नरापतखेड़ा में चोरों ने सीआरपीएफ(केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल) में तैनात महिला हेड कांस्टेबल के घर को निशाना बनाया। चोर यहां दो बक्से में रखे छह लाख रुपये के जेवर व साठ हजार रुपये चुरा ले गए। तीसरे बक्से को खोलते समय हुए शोर शराबे पर चोर भाग निकले।
बारासगवर थाना क्षेत्र के नरापतखेड़ा निवासी सुशील पुत्र रामबहादुर यादव की शादी 19 नवंबर को हुई थी। सुशील की पत्नी सीमा यादव सीआरपीएफ में हेड कांस्टेबल हैं। यह मौजूदा समय नागपुर में तैनात हैं। सुशील ने बताया कि शुक्रवार रात चोर घर के पीछे से छत पर चढ़ गए। यहां से यह कमरे में पहुंचे। चोर अलमारी में रखे साठ हजार रुपये व दो बक्से चुरा ले गए।
तीसरे बक्से को उठाते समय हुए शोर पर सुशील की मां रूपरानी जग गईं। रूपरानी ने सुशील को आवाज दी। मां के आवाज देने पर सुशील भागकर कमरे में पहुंचे। तब तक चोर भाग निकले। सुशील ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के दो घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची। सुशील के अनुसार चोर दो बक्सों में रखे सोने के जेवर व साठ हजार रुपये ले गए हैं। थानाध्यक्ष उत्तम सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। घटना की जांच की जा रही है।