उन्नाव। बिहार थानाक्षेत्र के गांव रूपखेड़ा में युवक का शव खेत में बनी कोठरी में फांसी के फंदे पर लटकता मिला। मृतक के पिता ने पड़ोसी गांव के युवक पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रूपखेड़ा गांव निवासी शुभम (21) पुत्र रामनाथ रैदास के खेत पर ट्यूबवेल लगा है। शुभम किराये पर सिंचाई भी करता था
। सोमवार दोपहर वह पड़ोसी गांव के युवक के खेत में सिंचाई के लिए ट्यूबवेल चलाने गया था। उसने शाम पांच बजे तक खेत की सिंचाई की बाद मवेशियों के लिए बरसीम काटी। सिर पर बरसीम रख घर के लिए निकला तो सिंचाई करा रहे युवक ने उससे साइकिल पर रखकर ले जाने के लिए कहा। शुभम उसी की साइकिल लेकर शाम लगभग छह बजे बरसीम डालने घर आया।
इसके बाद साइकिल देने युवक के घर के लिए निकला। रात लगभग नौ बजे तक शुभम घर नहीं लौटा तो उसका बड़ा भाई राजेंद्र पड़ोसी गांव पहुंचा। यहां युवक ने कहा कि मेरा मोबाइल सिंचाई के दौरान कहीं गिर गया है। मैं उसी को ढूंढ रहा हूं। शुभम साइकिल देने आया था। इसके बाद कहां गया, जानकारी नहीं। भाई राजेंद्र ने शुभम के मोबाइल पर फोन मिलाया। फोन पर घंटी जा रही थी, उठ नहीं रहा था। परिजन खोजते हुए खेत पर पहुंचे। वहां से फोन मिलाया तो घंटी सुनाई दी।
इंजन के पास बनी कोठरी में शुभम का शव रस्सी के फंदे से लटक रहा था। पैर जमीन पर छू रहे थे। गले में चोट के निशान थे। परिजनों को शुभम की जेब में पर्स व चांदी की अंगूठी गायब मिली। मृतक पांच भाई-बहनों में सबसे छोटा था। पिता बिहार थाने में होमगार्ड विभाग में रनर के पद पर तैनात हैं। बेटे की मौत से मां नन्हका व अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
एसओ मो. अशरफ ने बताया कि शव रस्सी से फांसी के फंदे पर लटकता मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
............................
पड़ोसी गांव के युवक से है जमीन का विवाद
शुभम के पिता रामनाथ रैदास ने बताया कि पड़ोसी गांव के युवक से जमीन का विवाद चल रहा है। उसी युवक के कहने पर शुभम खेत में पानी लगाने के लिए राजी हुआ था। पानी लगाने के दौरान ही बेटे को मार दिया गया। युवक सही जवाब नहीं दे रहा है।