उन्नाव। अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार युवक की मौत हो गई जबकि दंपति समेत सात लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरन नगर मोहल्ला निवासी धर्मेंद्र (24) मोहल्ले में ही रहने वाले अपने दोस्त अरविंद के साथ माखी थानाक्षेत्र के जुनेदपुर गांव निवासी अपने मामा मनोज के यहां जा रहा था।
हरदोई मार्ग पर अब्बासपुर गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से धर्मेंद्र की मौत हो गई जबकि अरविंद को नाजुक हालत में जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया गया। वहीं, औरास थानाक्षेत्र के बहोली गांव निवासी सदगुरु (38), पत्नी माया (35) और बेटी रिंकी और मोहित के साथ अपनी ससुराल पुरवा कोतवाली क्षेत्र के तारगांव गए थे।
सास महदेयी की तबियत अधिक खराब होने से रविवार सुबह वह उन्हें इलाज के लिए अपने घर लेकर जा रहे थे। टेंपो उन्नाव-पुरवा मार्ग पर पावर हाउस के पास दूसरे टेंपो को क्रास करते समय टेंपो पलट गया। हादसे में घायल परिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
नवाबगंज प्रतिनिधि के अनुसार, अजगैन थाने के सामने साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में बाइक सवार मुर्तजा नगर गांव निवासी सतीश (20) और राहुल (22) घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।