अमर उजाला ब्यूरो
अजगैन। कोतवाली से 500 सौ मीटर की दूरी पर बाइक सवार बदमाश दुकान बंद कर रही महिला सराफ को धक्का देकर जेवरों का थैला छीनकर भाग निकले। पीड़िता के शोर मचाने पर लोगों ने पीछा किया। लुटेरे मोहान की ओर भाग निकले।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पीड़िता के मुताबिक थैले में करीब तीन लाख के जेवर और आठ हजार रुपये व मोबाइल था।
अजगैन कस्बा निवासी रामनरेश और इनकी पत्नी आरती की अजगैन क्रासिंग के निकट आरती ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। शुक्रवार देर शाम आरती दुकान का शटर बंद कर रही थीं।
विज्ञापन
तभी बाइक सवार दो युवक ज्वैलरी का थैला छीनकर मोहान की ओर भाग निकले। महिला के शोर मचाने पर लोगों ने लुटेरों का पीछा किया। यह हाथ नहीं आए। लोगों की सूचना पर अजगैन थाना पुलिस ने भी हसनगंज व अन्य थानों को घटना की सूचना देने के साथ ही लुटेरों की तलाश की।
सफलता नहीं मिली। पीड़िता के मुताबिक थैले में तीन किलो चांदी और 50 ग्राम सोने के जेवर के अलावा आठ हजार रुपये और दो मोबाइल फोन भी थे। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हसनगंज कोतवाली प्रभारी आरके शुक्ला ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा।
-------------------