उन्नाव। कड़ाके की ठंड अब जिंदगी पर भारी पड़ रही है। जिला अस्पताल में कोल्ड डायरिया के शिकार हुए दो वृद्धों की मौत हो गई। मंगलवार को जिला अस्पताल में आठ मरीजों को भर्ती कराया गया।
शीतलहर के बीच बढ़ी उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ठंड से बचने की सलाह दी है। सोमवार को भी जिला अस्पताल में पांच मरीजों को कोल्ड डायरिया की शिकायत होने पर भर्ती कराया गया था। इसके अलावा नर्सिंग होम और प्राइवेट क्लीनिक में भी कोल्ड डायरिया के शिकार लोग तेजी से पहुंच रहे हैं।
अचलगंज के पड़री कला निवासी राजेंद्र नाथ (75) को तीन दिन पहले ठंड लग गई थी। उल्टी, दस्त और पेट दर्द होने पर दो दिनों तक पास के ही चिकित्सक के यहां इलाज कराने के बाद जब राहत नहीं मिली और हालत ज्यादा बिगड़ गई तो सोमवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जहां मंगलवार तड़के उनकी मौत हो गई। इसी प्रकार माखी के मेथी टिकुर गांव निवासी सुखदेई (70) पत्नी चोखे को भी ठंड की वजह से उल्टी, दस्त व पेट दर्द की शिकायत हो गई। हालत बिगड़ने पर उन्हें भी सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां सोमवार रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
सोमवार को कोल्ड डायरिया की चपेट में आने के बाद पांच मरीजों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया था। जबकि मंगलवार को चकलवंशी निवासी नीतू (28) पुत्री प्रदीप कुमार, सरीरा निवासी कौशल्या, लोधनहरि उन्नाव निवासी सचिन (8 माह) पुत्र अनिल व समर (डेढ़ साल) पुत्र समसद्दीन, गंगाघाट निवासी तेजवती (50) पत्नी नंद किशोर, गदनखेड़ा निवासी माया (45) पत्नी रामराज को कोल्ड डायरिया की शिकायत होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। सोहरामऊ निवासी दयाराम (65) व अचलगंज निवासी भीमसेन (54) को कोल्ड डायरिया की शिकायत होने पर नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।