गंजमुरादाबाद/असोहा। अलग-अलग थानाक्षेत्रों मेेें मंगलवार को लुटेरों ने शराब ठेका संचालक समेत दो लोगों को अपना शिकार बनाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए वाहन चेकिंग की मगर बदमाशों का कहीं पता नहीं चला। पुलिस घटना की तफ्तीश जारी होने की बात कह रही है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में शराब बिक्री की रकम लेकर बैंक जा रहे देसी शराब ठेका संचालक से बोलेरो सवार बदमाशों ने 45 हजार रुपये लूट लिए। बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के पलिया गांव निवासी रतन सिंह यादव सादिकपुर और रंजीतखेड़ा गांव में देसी शराब ठेका का संचालित करते हैं।
मंगलवार सुबह वह सादिकपुर ठेका से 45 हजार रुपये लेकर बांगरमऊ कसबा स्थित बैंक में जमा करने जा रहा था। सुबह करीब दस बजे रतन सिंह संडीला मार्ग पर गोसाकुतुब नहर पुलिया के पास पहुंचा था तभी पहले से घात लगाए खड़े सफेद बोलेरो सवार करीब आधा दर्जन बदमाशों ने असलहों के बलपर रोक लिया और मारपीट कर रुपये लूटने के बाद संडीला की ओर भाग निकले।
पीड़ित की सूचना पर बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी रणजीत यादव मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए सफीपुर आसीवन व अन्य थानों की मदद ली मगर कई घंटे मशक्कत के बाद भी बदमाश हाथ नहीं लगे। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना की तफ्तीश चल रही है।
इसी तरह, असोहा थानाक्षेत्र के झब्बाखेड़ा गांव निवासी वृद्ध नन्हकऊ पत्नी चंद्रावती के साथ मंगलवार को बेहटा स्थित पंजाब नेशनल बैंक गया था। बैंक खाते से 15 हजार रुपये निकालने के बाद वह साइकिल से घर जा रहा था।
वह दोनों गांव पास पहुंचे थे तभी बाइक सवार बदमाशों ने साइकिल में टक्कर मार कर गिरा दिया। और रुपयों का थैला छीन लिया। विरोध करने पर लुटेरों ने उनके साथ मारपीट भी की। पीड़ित थाने पहुंचे और थानाध्यक्ष विनोद यादव को आपबीती बताई। पुलिस ने घटना की तफ्तीश शुरू कर दी है।