नवाबगंज। अजगैन कोतवाली पुलिस ने एक घर पर छापा मारकर चोरी के ई-रिक्शों को काटकर टिकाने लगा रहे दो चोरों को गिरफ्तार कर लिया। दो शातिर पुलिस को चकमा देकर भाग निकले। पकड़े गए चोरों की निशानदेही पर पुलिस ने काफी माल बरामद किया है।
अजगैन कोतवाली के गांव जंसार निवासी सुशील कुमार के घर में चोरी के ई रिक्शे काटने का काम चल रहा था। इस पर पुलिस ने छापा मारा। इस दौरान पुलिस ने फतेहपुर बिंदकी के गांव कमरापुर निवासी सुनील सोनकर व बांदा जिले के बिसंडा इकौना निवासी चंदन को गिरफ्तार कर लिया। मकान मालिक सुशील व माखी थानाक्षेत्र के गांव रावतपुर निवासी दीपू पांडेय मौके से भाग निकले। पुलिस ने मौके से चोरी कर लाए गए ई रिक्शा के पार्ट्स बरामद किए हैं। चोरों ने बताया कि वह कानपुर- लखनऊ से ई-रिक्शा चोरी करते थे। इन्हें काटकर पार्ट्स को बाजार में बेच देते थे। एसओ प्रदीप कुमार ने बताया कि दो चोरों को गिरफ्तार किया है। दो भाग निकले। उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
बाइक की टक्कर से साइकिल सवार अधेड़ की मौत
- भवानीगंज से आते समय हुआ हादसा, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
अमर उजाला ब्यूरो
मौरावां। मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर कुदरा गांव के निकट तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल सवार अधेड़ को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे स्वास्थ्य केंद्र लाए। हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां अधेड़ ने दम तोड़ दिया।
थानाक्षेत्र के घिनाखेड़ा के मजरे पारा निवासी रामनरेश यादव (50) सोमवार रात भवानीगंज गांव से साइकिल से घर जा रहा था। लौटते समय मौरावां-मोहनलालगंज मार्ग पर कुदरा गांव के पास तेज रफ्तार बाइक सवार ने साइकिल सवार रमनरेश को टक्कर मार दी। हादसे में रामनरेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसका जिला अस्पताल में इलाज करा रहे थे। मंगलवार भोर पहर इलाज के दौरान मौत हो गई। रामनरेश खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता था।