उन्नाव। कोतवाली पुलिस ने एक बैट्री चोर को पकड़कर उसकी निशान देही पर चोरी
की गई 20 बैट्रियां बरामद की हैं। मामले में दो अन्य आरोपियों की पुलिस
तलाश कर रही है।
कुछ समय पहले अवध ट्रांसपोर्ट की बसों से 38 बैट्रियां
चोरी हो गई थीं। इसकी एफआईआर ट्रांसपोर्ट मालिक अवधेश सिंह ने कराई थी।
पुलिस ने बाईपास रोड स्थित कुलदीप मोहन चौधरी स्कूल के भूखंड से 20
बैट्रियों के साथ बांगरमऊ थानाक्षेत्र के अचलपुरवा में रहने वाले कुलदीप
सिंह पुत्र सत्यपाल सिंह को पकड़ लिया। जबकि बैट्री चोरी में शामिल पिंटू
तिवारी निवासी आवास विकास सदर कोतवाली व कल्लू निवासी अटवा थाना सफीपुर अभी
भी फरार हैं।
कुलदीप ने बताया कि वह पहले इसी ट्रांसपोर्ट की बस चलाता था।
ट्रांसपोर्ट मालिक ने उसके वेतन के कुछ रुपये उसे नहीं दिए थे। उसके बाद
उसने बस चलाना छोड़ दिया था। तब से वह केवल इसी ट्रांसपोर्ट के बसों की
बैट्रियां चुराता था। बसों की सूचना आवास-विकास में रहने वाले पिंटू तिवारी
उसे देता था।
बाद में तीनों इस काम को अंजाम देते थे। एसपी महेंद्र पाल
सिंह ने कोतवाल धर्मेंद्र कुमार रघुवंशी से दो अन्य चोरों को भी जल्द
पकड़ने के आदेश दिए हैं।