हसनगंज/उन्नाव। अजगैन मोहान मार्ग पर मंगलवार को मौरंग लदे ट्रक ने बाइक सवार युवक को रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मृतक के परिजन और ग्रामीण पुलिस को फोन मिलाते रहे मगर पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद तहसील जा रहे एसडीएम की गाड़ी को भीड़ ने घेर लिया। काफी मशक्कत के बाद वह गाड़ी से नीचे उतरे और घटना स्थल पहुंचे। इसी बीच पहुंचे एक दरोगा को भीड़ ने नारेबाजी करते हुए दौड़ा लिया। इस पर दरोगा बाइक से भाग निकला।
बवाल बढ़ने की सूचना पर कई थानों की फोर्स और सीओ मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने किसान बीमा व अन्य योजनाओं के माध्यम से अधिक से अधिक आर्थिक मदद दिलाने का आश्वासन दिया तब भीड़ ने शव को सड़क से हटाने दिया। इस दौरान करीब तीन घंटे तक मार्ग का आवागमन ठप रहा।
अजगैन थानाक्षेत्र के गांव बाराबुजुर्ग के मजरा फिरोजाबाद निवासी अलीमउर्रहमान (30) पुत्र हबीबउर्रहमान कई साल से कुवैत में रहकर काम कर रहा था। उसकी शादी सात साल पहले असीमा खातून के साथ हुई थी। उसके चार साल की एक बेटी एमन है। वह तीन महीने पहले विदेश से लौटकर आया था। उसने लखनऊ-कानपुर हाईवे पर चमरौली के पास कुछ जमीन भी खरीदी थी।
मंगलवार को अलीमउर्रहमान जमीन से सबंधित कागजात निकलवाने के लिए उन्नाव कचहरी जा रहा था। सुबह करीब आठ बजे वह बाइक से मोहान-अजगैन मार्ग पर नवई गांव के पास पहुंचा तभी लखनऊ की ओर जा रहे मौरंग लदे ट्रक ने रौंद दिया। ट्रक चालक ने भागने का प्रयास किया मगर बाइक ट्रक में फंसी होने से वह सफल नहीं हो सका और कुछ दूर चलने के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला।
पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे मृतक के भाई अजीबुर्रहमान और जियाउर्रहमान ने भाई का शव पड़ा देखा तो पुलिस को सूचना देने का प्रयास किया मगर सीओ और एसओ में से किसी का फोन नहीं उठा। इससे नाराज भीड़ ने मार्ग पर जाम लगा दिया।
हादसे के करीब डेढ़ घंटे बाद तहसील जाने के लिए मार्ग से गुजर रहे एसडीएम प्रशांत कुमार भारती की गाड़ी भी जाम में फंस गई। जानकारी होने पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया। जनाक्रोश को देखते हुए एसडीएम काफी देर तक अपनी गाड़ी में ही बैठे रहे। कुछ लोगों ने भीड़ को समझाकर शांत कराया इसके बाद एसडीएम घटना स्थल पहुंचे। करीब दो घंटे बाद पहुंचे हलका इंचार्ज दरोगा को देख भीड़ ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और दरोगा को दौड़ा लिया। भीड़ को हमलावर होते देख दरोगा अपनी बाइक लेकर मौके से चला गया।
बवाल बढ़ने की सूचना पर सीओ माजिद अब्सार, अजगैन एसओ आरके शर्मा, हसनगंज एसओ प्रदीप यादव, सोहरामऊ एसओ अनूप सिंह मौके पहुंच गए। एसडीएम और सीओ ने मृतक के परिजनों को समझाया और अधिक से अधिक मदद का आश्वासन दिया इसके बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने को तैयार हुए। इस दौरान करीब तीन घंटे तक अजगैन-मोहान मार्ग पर वाहनों का आवागमन ठप रहा।