बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में बुधवार रात ईंट से कूंचकर कर किशोर की हत्या कर दी गई। शव गांव के उच्च प्राथमिक स्कूल में फेंक दिया गया। उसके कपड़े स्कूल के पीछे खेत में मिले। अर्धनग्न अवस्था में शव पड़ा देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। फोरेंसिक टीम के साथ सीओ व कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचे और जांच की। पुलिस ने प्रेम प्रसंग में हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है। पिता ने बेटे की तीन दोस्तों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भिखारीपुर पतसिया के मजरा रतईपुरवा निवासी चुन्नीलाल का बेटा निर्देश (14) उर्फ बबलू बिल्हौर में मिठाई दुकान में काम करता था। चार दिन पहले वह घर आया। बुधवार शाम सात बजे करीब वह घर से कहीं जाने की बात कह कर निकला। देर रात तक उसके नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन कहीं पता नहीं चला। सुबह करीब नौ बजे ग्रामीणों ने स्कूल बाउंड्री के अंदर लगे हैंडपंप के पास उसका क्षत-विक्षत शव देखा। किशोरी की ईंट-पत्थरों से चेहरा कुचलकर हत्या की गई थी। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के शरीर पर केवल अंडरवियर था। सूचना पर सीओ आरके सिंह कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों से पूछताछ की। जिस जगह किशोर का शव पड़ा था, वहां से बाउंड्री तक घसीटने के निशान भी थे। मौके पर पुलिस को खून की एक छींट नहीं मिली। पुलिस का मानना है कि हत्या कहीं और करने के बाद शव को स्कूल में फेंका गया है। सुराग तलाशने के लिए फोरेंसिक टीम को बुलाया। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट ने कई जगह के निशान लिए। मृतक के पिता ने गांव के राहुल पुत्र रामअवतार, पवन पुत्र राम खेलावन और अपने साढ़ू कैलाश के पुत्र सुभाष को नामजद करते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसओ प्रदीप यादव ने बताया कि अब तक की जांच में प्रेम प्रसंग के चलते वारदात को अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस को ग्रामीणों से पता चला कि किशोर की गांव की ही एक हमउम्र लड़की से दोस्ती थी। तीन माह पहले दोनों को एकसाथ देखकर लड़की के परिजनों ने किशोर पीटा भी था। मारपीट के कुछ दिन बाद आरोपियों ने दोबारा उससे नजदीकियां बढ़ा लीं थी।
आरोपियों ने फोन कर बेटे को बुलाया
निर्देश उर्फ बबलू के पिता ने बताया कि तीन माह पहले आरोपियों ने बेटे को पीटा था। आरोपियों ने चार दिन पहले बेटे को फोन कर बिल्हौर से गांव बुलाया। बुधवार शाम बेटे के साथ आरोपियों को घूमते देखा गया था। उधर आरोपी राहुल के पिता रामअवतार ने बताया कि मृतक के पिता से उसका मुकदमा चल रहा है। जिस पर साजिश के तहत बेटे को फंसाया गया है।
इनसेट
खोजी कुत्ता सूंघा और लौट गया
सुराग तलाशने के लिए बुलाया गया पुलिस का खोजी कुत्ता शव के पास सूंघते हुए स्कूल परिसर के इर्द-गिर्द टहलता रहा। कुछ देर सूंघने बाद वह शव के पास आकर खड़ा हो गया। उधर किशोर की हत्या से परिवार में मातम पसर गया। चुन्नीलाल के दो बेटों में निर्देश छोटा था। छोटी बहन पूनम व घर के अन्य परिजन शव देख बदहवाश हो गए। सभी ने आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
जेब में जहरीली दवा की दो गोलियां भी मिली
निर्देश का शव स्कूल के भीतर और उसके कपड़े स्कूल की बाउंड्रीवाल के पीछे मिलने से पुलिस भी उलझ रही है। किशोर के कपड़ों की जेब में जहरीली दवा की दो गोलियां भी मिली हैं। पुलिस इन सवालों के जवाब तलाश रही है कि अगर किशोर स्कूल के पीछे गया था तो उसने कपड़े क्यों उतारे और अगर उसने खुद अपने कपड़े उतारे थे तो इसकी वजह क्या रही होगी। घटना स्थल पर खून न मिलना और कपड़ों में खून न होना भी पुलिस को परेशान किए है।