गंगाघाट थाना क्षेत्र के शंकरपुर में बकरी चराकर लौट रही एक किशोरी के साथ युवक ने दुष्कर्म किया। उसके साथ आ रही बुआ ने जब शोर मचाया तो आरोपी ने तमंचा की बट मारकर उसे घायल कर दिया गया। शोर सुनकर ग्रामीण पहुंचे उससे पहले आरोपी युवक अपने साथियों के साथ भाग निकला। पीड़ित की तहरीर पर गंगाघाट पुलिस ने दुष्कर्म व मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है।
गंगाघाट थानाक्षेत्र के मोहल्ला निवासी 15 वर्षीय किशोरी अपनी 16 वर्षीय बुआ के साथ सोमवार को बकरी चराने गई थी। शाम करीब छह बजे वह वापस लौट रही थी। तभी रास्ते में गांव के ही युवक सोनू पुत्र सुंदर अपने साथी राजू व सुनील के साथ बुआ-भतीजी को रोक लिया। आरोप है कि सोनू किशोरी को घसीटते हुए झाड़ियों में गया जबकि उसके साथियों ने बुआ को तमंचे दिखाकर वहीं रोक लिया।
सोनू ने किशोरी से रेप किया। जब उसकी बुआ ने शोर मचाया तो राजू और सुनील ने उसकी पिटाई कर सिर पर बट मारकर उसे घायल कर दिया। शोर सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर भागे। ग्रामीणों को आता देख तीनों युवक मौके से भाग निकले। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता के पिता ने देर रात थाने पहुंच कर तहरीर दी। एसओ गंगाघाट केके यादव ने बताया तहरीर के आधार पर सोनू के खिलाफ दुष्कर्म व राजू, सुनील पर मारपीट की रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया गया है।