बांगरमऊ के मोहिउद्दीनपुर गांव में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : अमर उजाला
बुधवार रात कोतवाली क्षेत्र के आसत मोहिउद्दीनपुर गांव में चोरों ने तीन घरों से लगभग ढाई लाख का माल पार कर दिया। इसी गांव के मजरे में एक घर में चोरी के दौरान नींद खुलने पर परिजनों ने एक चोर को दौड़ाकर पकड़ लिया। चोर के चार साथी भागने में कामयाब रहे। पकड़े गए चोर को पुलिस को सौंप दिया गया है। पूछताछ में उसने कई घटनाएं कबूली हैं।
कोतवाली क्षेत्र के आसत मोहिउद्दीनपुर गांव निवासी कल्लन, राजू और शमशेर के घरों की दीवारें आपस में जुड़ी हैं। बुधवार रात यह अपने परिवार के साथ छत पर सो रहे थे। देर रात चोरों ने तीनों घरों से चोरी कर ली। पुलिस को दी गई तहरीर में कल्लन ने बक्से में रखे 15 हजार नगद और जेवर समेत 70 हजार का माल चोरी होने की बात कही। पड़ोसी राजू ने 70 हजार के जेवर और अन्य कीमती सामान मिलाकर एक लाख और शमशेर ने 17 हजार की नगदी और जेवर सहित 70 हजार का माल चोरी होने की जानकारी दी। तीनों घरों से चोरों ने लगभग ढाई लाख का माल पार किया है।
इसी रात चोरों ने मोहिउद्दीनपुर गांव से एक किलोमीटर दूर गौरैया खुर्द निवासी जुग्गीलाल के घर को निशाना बनाया। चोरों की खटपट सुन जुग्गीलाल के परिवार के लोग जग गए। घरवालों के जागने की आहट सुन चोर भाग निकले। परिजनों ने चोरों को दौड़ाकर एक को पकड़ लिया। उसे पीटकर पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में उसने अपना नाम बाबू पुत्र पिंटू निवासी रूरी सादिकपुर ,बांगरमऊ बताया। उसने क्षेत्र में कई चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात कबूली है। पुलिस उससे गहनता से पूछताछ कर रही है।