गेस्ट हाउस के बाहर हंगामा करते मृतक के परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
उन्नाव। शहर के सिविल लाइंस स्थित एक गेस्ट हाउस में करंट लगने से हलवाई की हालत बिगड़ गई। गेस्ट हाउस कर्मचारी उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
मौत की पुष्टि होने के बाद कर्मी शव को उसके घर पहुंचाकर भाग गए। घटना से नाराज परिजन व ग्रामीण शव लेकर फिर शहर आए और गेस्ट हाउस के सामने सड़क पर शव रखकर हंगामा किया। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने और कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अजगैन थानाक्षेत्र के कुंजपुर गांव के पूर्व प्रधान कालीचरण का बेटा प्रेम कुमार (35) हलवाई का काम करता था। रविवार को वह शहर के व्हाइट हाउस गेस्ट हाउस में बारात के लिए खाना बना रहा था।
शाम को वह हाथ धोने के लिए नल के पास जा रहा था तभी जमीन पर पड़े बिजली के खुले तार पर उसका पैर पड़ गया और वह चिपक गया। जानकारी होने पर गेस्ट हाउस कर्मियों ने उसे छुड़ाया और आनन-फानन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने प्रेम को मृत घोषित कर दिया।
इसके बाद गेस्ट हाउस कर्मियों ने शव को एक गाड़ी में डालकर उसके घर पहुंचा दिया और लौट गए। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव को दूसरी गाड़ी में रखा और वापस शहर के व्हाइट हाउस गेस्ट हाउस पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया। संचालकों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया तो परिजनों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
सूचना पर सीओ सिटी आरके सिंह, कोतवाली प्रभारी प्रदीप यादव मौके पर पहुंचे और मृतक के पिता कालीचरण व अन्य परिजनों को घटना की रिपोर्ट दर्ज करने और कड़ी कारवाई का आश्वासन दिया इसके बाद लोग शांत हुए। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गेस्ट हाउस के प्रबंधक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पति की मौत से प्रेम कुमारी और उसके पांच बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।