बारासगवर (उन्नाव)। थानाक्षेत्र के सथनी गांव में युवती को जिंदा जलाने के मामले की पड़ताल में जुटी पुलिस को कई क्लू हाथ लगे हैं। पुलिस युवती के मोबाइल से उसे जलाने वालों तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है। सूत्रों की मानें तो युवती का किसी युवक से संबंध था। इसका युवती ने वीडियो बना लिया था। वीडियो के जरिए वह उसे ब्लैकमेल करती थी। उसकी हत्या की एक वजह यह भी माना जा रही है। हालांकि पुलिस अभी तक अधिकृत तौर पर कुछ भी कहने से इनकार कर रही है। विधानसभा अध्यक्ष के निर्वाचन क्षेत्र की घटना होने से सरकार हरकत में है। सीएम कार्यालय घटना की अपडेट लेता रहा। खुलासे के लिए पुलिस की आठ टीमें लगाई गई हैं। एसपी पुष्पांजलि का कहना है कि पुलिस मामले की तह तक पहुंच गई है। जल्द ही खुलासा किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती को जिंदा जलाए जाने की पुष्टि हुई है। उसका कर्मी गंगाघाट पर उसका अंतिम संस्कार करा दिया गया है।
सथनी गांव निवासी मोनी विमल (18) पुत्री स्व. संकठा प्रसाद गुरुवार देर शाम साइकिल से टेढ़ा गांव के बाजार साइकिल से गई थी। गांव से करीब तीन सौ मीटर दूर सथनी-बालाखेड़ा मार्ग पर निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के पीछे किसी ने पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। फिलहाल मामला विधानसभा अध्यक्ष ह्रदयनारायण दीक्षित के निर्वाचन क्षेत्र से जुड़ा होने की वजह से शासन सत्ता में भी हलचल मची है। गुरुवार रात आईजी सुजीत पांडेय और एसपी पुष्पांजलि की जांच में कुछ खास बिंदु सामने आए। इन पर थानाध्यक्ष से काम करने के लिए कहा गया। एसपी ने गांव में रुककर परिजनों के साथ ही अन्य लोगों से जानकारी ली। एएसपी एपी सिंह के अलावा एसओ बीघापुर, एसओ बिहार, एसओ बारासगवर, स्वाट, सर्विलांस टीम और खुफिया पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस को मृतका के मोबाइल से अहम क्लू मिले हैं। पोस्टमार्टम में युवती के श्वास नली में कार्बन पाया गया है। ऐसे में तय है कि जलाते वक्त युवती जिंदा थी। जलने के बाद उसकी मौत हुई है।
चश्मदीद को तलाश रही है पुलिस
इस मार्ग पर लोगों का आना जाना भी रहता है। ऐसे में पुलिस ने रातभर इस बात की जानकारी करने में जुटी रही कि युवती की चीख किसी ने सुनी या नहीं। इस पड़ताल में यह बात सामने आई है कि निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्र के पीछे करीब दो मीटर पर अरहर के खेत के पास वारदात को अंजाम दिया गया। आग लगाए जाने के बाद लपटों में घिरी मोनी कुछ दूर भागने के बाद वहीं गिर गई। पास में ही एक खेत में ट्यूबवेल और खेतों में कुछ किसान मौजूद थे। लेकिन वे अधिकृत तौर पर पुलिस को अभी बयान नहीं दे रहे हैं। ग्रामीणों ने घटना के दौरान एक बाइक सवार युवक को भागते हुए देखने की भी जानकारी दी हैै।
पाकेट डायरी और वीडियो पर निगाह
तफ्तीश के दौरान घटना स्थल के पास मिली पॉकेट डायरी की पड़ताल में अहम सुराग मिले हैं। सर्विलांस टीम युवती के मोबाइल फोन की काल डिटेल, फोटो और वीडियो क्लिप की भी जांच कर रही है। सूत्रों के मुताबिक युवती की किसी युवक से काफी गहरी दोस्ती थी। शक है कि अनबन होने पर युवक ने वारदात को अंजाम दे दिया। एसपी पुष्पांजलि ने बताया कि कुछ संदिग्धों को उठाया गया है। मोबाइल सर्विलांस पर लगा है। कुछ क्लू मिले हैं। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
कहीं वीडियो तो नहीं हत्या की वजह
सूत्रों की मानें तो युवती के मोबाइल में कोई ऐसा वीडियो है, जिससे आरोपी परेशान था। उसने कई बार वीडियो डिलीट करने के लिए भी कहा। युवती ने वीडियो डिलीट नहीं किया। चर्चा है कि गुरुवार को युवती को फोन कर किसी ने बुलाया था। वह बाजार जाने का बहाना कर घर से निकली थी।
..........................
युवती उठा रही थी परिवार का खर्च
मोनी के पिता की चार साल पहले मौत हो चुकी है। दो साल पहले बड़ी बहन का विवाह हुआ था। पिता की मौत व बहन की शादी के बाद से परिवार के खर्च की जिम्मेदारी मोनी पर ही थी। वह कुछ नहीं करती थी, ऐसे में घर का खर्च कहां से चल रहा था, इस पर भी पुलिस जांच कर रही है।
रुपये लेन-देन की भी चर्चा
जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि युवती ने किसी से रुपये ले रखे थे। वह रुपये चुकाने के बजाय संबंधित पर किसी बात को लेकर दबाव बना रही थी। पुलिस ने इस बिंदु को खंगाला तो उसके खाते में केवल पांच हजार रुपये ही मिले।
डेढ़ घंटे तक चला पोस्टमार्टम
मृतका का पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया। पोस्टमार्टम डा. आरके रमन व डा. पवन अग्रवाल ने किया। डेढ़ घंटे तक पोस्टमार्टम चला। रिपोर्ट में युवती को जलाकर मारने की बात सामने आई है। युवती की श्वांस नली में कॉर्बन मिला है। कमर तक का हिस्सा अधिक जला है। रिपोर्ट के मुताबिक युवती के बालों से आग लगाई गई।
.................................
बहन ने पुलिस पर जबरन उठाने का आरोप लगाया
मोनी की बहन सदर कोतवाली के बेनीगंज निवासी सोनी ने बारा पुलिस पर पूछताछ के नाम पर घर से जबरन उठाकर लाने और कई घंटे तक थाने में बैठाए रखने का आरोप लगाया है। सोनी का आरोप है कि पुलिस ने शव तक देखने नहीं दिया। रात में ही पोस्टमार्टम करा दिया।
.................................
कई घरों में लटके ताले
घटना के बाद से सथनी गांव के चार घरों के लोग ताला लगाकर फरार हो गए हैं। इसमें ट्यूबवेल संचालक भी शामिल है। लोग घर में ताले लगाकर कहां और क्यों फरार हो गए, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है।
युवती को जलाकर मार डालने जांच को सपा ने बनाई कमेटी
लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उन्नाव जिले के बारा सगवर थाना क्षेत्र के असथनी बालाखेड़ा गांव की 18 वर्षीय युवती मोनू धोबी की दंबगों द्वारा जालकर मार डालने की हत्या किए जाने की कड़ी निंदा की है। उन्होेंने इस घटना की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की है।
अखिलेश ने कहा है कि युवती को जलाकर मार डालना बर्बरतापूर्ण कृत्य है। प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है। सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने बताया कि सपा अध्यक्ष ने इस घटना की जांच के लिए पांच सदस्यों की कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी उन्हें तीन दिन के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट सौंपेगी। जांच कमेटी में जिलाध्यक्ष उन्नाव अनवार अहमद, पूर्व विधायक सुधीर रावत, पूर्व विधायक उदयराज यादव, जिलाध्यक्ष महिला सभा प्रभा यादव एवं जयचन्द विमल शामिल हैं। युवती की 21 फरवरी को बाजार से लौटते समय दिन दहाड़े जलाकर हत्या कर दी गई थी।
हृदय को छलनी करने वाली है उन्नाव की घटना
लखनऊ। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने कहा कि उन्नाव में दलित परिवार की एक 19 वर्षीय बालिका की जलाकर हत्या करने की वारदात हृदय को छलनी करने वाली है। उन्होंने ट्वीट करके कहा, इसके बाद सारे एनकाउंटर बेकार और कानून-व्यवस्था दुरुस्त करने वाले दावे महज ढिंढोरा पीटने जैसी बातें लग रही हैं। स्थिति यह है कि बेटियों की रक्षा तक नहीं हो पा रही है और जिसे देखो, वही बड़ी-बड़ी उपलब्धियां गिना रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता केके पांडेय ने भी भाजपा सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया।