सफीपुर(उन्नाव) मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर वांछित हत्यारोपी तमंचे से फायर करते हुए भाग निकला। इस हमले में सिपाही बाल-बाल बच गया। पुलिस खासी कोशिशों के बाद भी उसे पकड़ नहीं पाई। पुलिस ने हत्यारोपी के घर से देशी रायफल व कारतूस बरामद किए हैं। कोतवाल सफीपुर की ओर से आरोपी के खिलाफ पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया है।
सफीपुर कोतवाली के हाजीपुर गांव निवासी रामसुमेर की अक्टूबर 15 में हत्या कर दी गई थी। वादी पक्ष और गवाहों के बयान के आधार पर कोतवाली क्षेत्र के अल्लीपुर गांव निवासी रामसहाय को हत्या में वांछित किया गया था। सोमवार रात मुखबिर की सूचना पर कोतवाल हनुमान प्रसाद पांडेय फोर्स के साथ रामसहाय को गिरफ्तार करने उसके घर पहुंचे।
पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया तो खुद के बचाव में उसने पुलिस पार्टी पर सीधा फायर झोंक दिया। फायरिंग में एक सिपाही बाल-बाल बच गया। अंधेरे का फायदा उठाकर रामसहाय भागने में सफल रहा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।