दिल्ली-बरेली मार्ग में मंगलवार को नरूला ढाबे के पास रोडवेज बस एक ट्रैक्टर-ट्राली से टकरा गई। बस के पिछले हिस्से में बैठे युवक का खिड़की से बाहर निकला हाथ ट्रैक्टर-ट्राली में टकराकर टूट गया और बस की सीट पर उसकी मौत हो गई।
ट्राली और बस के टकराने से पिछले हिस्से की कुछ सवारियों को चोटें भी आईं। ट्रैक्टर चालक फरार हो गया, जबकि चालक, परिचालक सहित बस को पुलिस थाने ले गई। मृत युवक मुरादाबाद शहर के कटघर थाना क्षेत्र में गोविंद नगर का निवासी था।
मुरादाबाद से नैनीताल के लिए जा रही पीतल नगरी डिपो की बस मंगलवार की सुबह नेशनल हाईवे में अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली से टकराई। बस में मुरादाबाद के गोविंद नगर कटघर निवासी सतीश कुुमार पीछे की साइड में खिड़की के किनारे बैठे थे। वह मुरादाबाद में साईं इंटीरियर नामक कंपनी में कर्मचारी थे। इसी कंपनी की एक अन्य फर्म रूद्रपुर में है।
रुद्रपुर फर्म में एल्युमिनियम का कुछ काम होना था, जिसके लिए वह पाकबड़ा निवासी कदीर हुसैन व उसके दो बेटों को साथ लेकर रुद्रपुर जा रहे थे। बताते हैं कि उन्होंने अपना एक हाथ खिड़की के बाहर निकाल रखा था।
नेशनल हाईवे पर नरुला ढाबे के पास सामने आ रही ट्रैक्टर-ट्राली के बगल में आते ही बस उससे टकरा गई। खिड़की से बाहर निकला सतीश का हाथ ट्राली में टकराकर टूट गया और सीट पर उसने तत्काल दम तोड़ दिया। हादसे में पाकबड़ा निवासी कदीर हुसैन, इमरान, जुबैर व आगरा निवासी आजम भी घायल हो गए।