घर के बाहर बरामदे में सो रहे युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। हत्या के समय युवक का नेत्रहीन पिता पास में ही था। गोली चलने की आवाज सुनी तो उसे घटना का पता चला। हत्यारों ने सीने और चेहरे पर दो गोली मारी है। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
अजगैन थानाक्षेत्र के कोड़रा गांव निवासी रामराज सिंह (25) पुत्र गोकरन गांव में खेती कर अपना, पिता और छोटे भाई का पेट पालता था।
सोमवार शाम रामराज अपने घर के बाहर बरामदे में लेटा था इस बीच अज्ञात लोग पहुंचे और रामराज पर ताबड़तोड़ गोलियों से हमला कर दिया। एक गोली उसके सीने में मारी और दूसरी चेहरे पर नाक के पास लगी है। युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
गोली मारने के बाद हत्यारे भाग निकले। घटना के समय मृतक का छोटा भाई मोनू किसी काम से उन्नाव शहर आया था। हत्या की घटना के बाद आसपास के लोग पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे अजगैन थाना प्रभारी निरीक्षक वीके मिश्रा ने तफ्तीश की और इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।