उन्नाव। अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक की मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अजगैन थानाक्षेत्र के मुर्तजा नगर निवासी अनिल पांडेय (23) शनिवार शाम को कुसुंभी स्थित कुशहरी देवी मंदिर गया था। देर शाम वापस लौटते समय हाइवे पर मुर्तजा नगर मोड़ के पास अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी। इलाज के दौरान देर रात उसकी मौत हो गई।
कानपुर से लौट रहे अचलगंज थानाक्षेत्र के मवइया लायक गांव निवासी अमन पांडेय (24) और साथी सुशील कुमार (26) घायल हो गए। अचलगंज थानाक्षेत्र के जमुका गांव में घर के सामने सड़क पार करते समय शुभम (15) घायल हो गया।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र में कांथा-मंगतखेड़ा मार्ग पर तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से मंगतखेड़ा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
मियागंज संवाददाता के अनुसार, लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर रविवार देर शाम हसनगंज से मियागंज की ओर जा रहा टेंपो अनियंत्रित होकर आवागोझा गांव के पास बिजली के पोल से टकरा गया और सड़क किनारे खंती में पलट गया।
इसे टेंपो में बैठा हसनगंज के मुस्तफाबाद गांव निवासी राजू उसकी पत्नी उसकी पत्नी पूजा और बेटा दीपांशु (15) के अलावा बांगरमऊ के भौरा गांव निवासी अनवार, अख्तरी बेगम, और सरवरी बेगम समेत दर्जन भर यात्री घायल हो गए। घायलों को मियागंज स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया जहां से पांच लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया।