गांव के बाहर झोपड़ी डालकर रह रहे अधेड़ की पीटकर हत्या कर दी
गई। परिजन गांव के ही दो लोगों पर हत्या करने की आशंका जता रहे हैं।
हालांकि अजगैन थाना पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई
की बात कह रही है।
अजगैन थानाक्षेत्र के कुईथर गांव निवासी विष्णू रावत
(48) पुत्र बदलू करीब दो साल से गांव के बाहर एक मंदिर के पास झोपड़ी
डालकर रहता था। सोमवार रात उसका बेटा ओमप्रकाश पिता के लिए खाना लेकर गया
था। उसके मुताबिक जैसे वह झोपड़ी के पास पहुंचा, उसे दो लोग भागते हुए
दिखे।
वह मौके पर पहुंचा तो पिता विष्णु झोपड़ी के बाहर जमीन पर पड़े थे,
उनकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान मुंह में कपड़ा लपेटे दोनों लोगों ने उसे
देख लिया और दौड़ा लिया। वह भागकर गांव पहुंचा और परिजनों को घटना की
जाकारी दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश के बाद शव को पोस्टमार्टम के
लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक के सिर गहरी चोट से उसकी मौत
होने की पुष्टि हुई है।
मृतक के दाहिने हाथ में भी गहरी चोट है। मृतक के
भाई भगवानदीन ने गांव में ही रहने वाले दो लोगों पर हत्या की आशंका जताई
है। उसके मुताबिक उन दोनों से करीब चार साल पहले बेची गई जमीन के रुपयों के
लेनदेन का विवाद था। अजगैन थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह रघुवंशी ने बताया कि
घटना की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।