उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर नीलगाय को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हुई डीसीएम ने सामने से आ रही बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार मामा-भांजे की मौत हो गई। दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे और सिर पर गंभीर चोटें ही इनकी मौत का कारण बन गईं। यह हादसा शुक्रवार सुबह अचलगंज थाना क्षेत्र में हुआ।
अचलगंज थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव निवासी मेवालाल (22) पुत्र कल्लू दिल्ली में बैग बनाने का काम करता था। शुक्रवार को बड़े भाई राममोहन का तिलक था। वह 20 जून को घर आया था। मेवालाल का चचेरा भांजा सूरज (16) पुत्र रामखेलावन निवासी पिंडोखा गंगाघाट भी गुरुवार को मनोहरपुर पहुंच गया था। शुक्रवार सुबह आठ बजे मेवालाल भांजे सूरज के साथ सब्जी खरीदने बाइक से शहर आया था। करीब दो घंटे बाद दोनों सब्जी व पनीर खरीदकर घर लौट रहे थे।
उन्नाव-रायबरेली मार्ग पर बाबाखेड़ा स्थित ईंट भट्ठे के पास रायबरेली की ओर से आ रही डीसीएम के सामने नीलगाय आ गई। इससे डीसीएम अनियंत्रित हो गई और बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गई। हादसे के बाद सड़क पर जाम के हालात बन गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों कोे पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को जानकारी दी। इससे तिलक की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद चालक डीसीएम समेत करौंदी मोड़ से भाग निकला।