आईजी की स्वाट टीम ने गंगाघाट के गंगा बैराज मार्ग पर शनिवार रात मुठभेड़ के दौरान दस लुटेरों को पकड़ लिया। लुटेरों के पास से पिस्टल, तमंचे, कार और बाइकें बरामद हुई है। लुटेरे ने कई वारदातें कबूली हैं। जिसमें रायबरेली के बछरावा में हुई एक हत्या की बात भी लुटेरों ने कबूल की है। चार लाख की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी।
एसपी हरीश कुमार ने बताया आईजी की स्वाट टीम ने गंगा बैराज मार्ग पर हरिहरपुर गांव मोड़ के पास शनिवार देर रात शातिर दस लुटेरों को मय पिस्टल, तमंचों और कारतूस के साथ मुठभेड़ के दौरान पकड़ लिया। एसपी ने बताया सभी लुटेरे कार और बाइक में थे जो किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के लिए योजना बना रहे थे।
पकड़े गए लुटेरों में कल्लू दर्जी उर्फ शहीद पुत्र मो. कासिम निवासी हरचंदपुर, मोनू उर्फ अतीक पुत्र जमील, मो. शोनू उर्फ शानू उर्फ टीबीसीडी पुत्र खलील निवासी बछरावा, ओमप्रकाश उर्फ बाबा पुत्र शंभू प्रसाद निवासी हरचंदपुर, दीपक लोहार पुत्र स्व. सहदेव निवासी रसूलपुर, अनूप सिंह पुत्र शिवमोहन निवासी अघौरा, मो. सलमान उर्फ शानू पुत्र इखलाख अली, प्रमोद गोस्वामी उर्फ सोनू पुत्र शिवकुमार निवासी प्रगतिपुरम, महेश गुप्ता पुत्र स्व. हीरालाल निवासी मालिकमऊ व शानू पुत्र जहूर निवासी बछरावा के हैं। जिला लुटेरे रायबरेली के रहने वाले हैं।
जिनके ऊपर गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उनमे कुछ मुकदमे उन्नाव के थानों में भी दर्ज हैं। एसपी ने बताया पकड़े गए लुटेरों ने पूछताछ में रायबरेली के बछरावा में 20 नवंबर को टिंकू सिंह पुत्र हरीश कुमार की गोली मारकर हत्या की थी। जिसकी सुपारी यहीं के रहने वाले धर्मेंद्र कुमार उर्फ पप्पू पुत्र विशंभर नाथ मिश्रा ने चार लाख में दी थी। घटना में लुटेरे कल्लू, शानू, इरशाद शामिल रहे।
वहीं थाना अजगैन के नवाबगंज स्थित कुशंभी मोड़ के पास इसी वर्ष चार नवंबर को सराफ ा सतीश सोनी को कुशंभी मोड़ के पास लुटेरे कल्लू, मोनू, सोनू, सलाउद्दीन ने लूट का प्रयास किया था, लेकिन असफल होने पर उन्हें गोली मार दी थी। घायल होने के बावजूद सतीश बच निकले थे। लुटेरों को पकड़ने वाली स्वाट टीम में निरीक्षक सुधीर त्यागी, उपनिरीक्षक एनुद्दीन, कांस्टेबल रोहित शर्मा, मो. शमीम, आनंद मणि सिंह, रामनिवास शामिल रहे।
दो का आपराधिक रिकार्ड खंगाल पाई पुलिस
पकड़े गए दस शातिर लुटेरों में केवल दो कल्लू पुत्र मो. कासिम व शानू पुत्र जहूर का ही आपराधिक रिकार्ड खंगाल पाने में गंगाघाट पुलिस सफ ल रही, जबकि शेष अन्य आठ लुटेरों का कोई रिकार्ड नहीं खंगाल सकी। सीओ सिटी उमेश चंद्र त्यागी ने बताया आठ लुटेरों का भी आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।
डकैती की योजना बना रहे थे
एसपी ने बताया गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के एक बड़े भट्टा मालिक के यहां लुटेरे डकैती करने की योजना बना रहे थे। सभी गंगा बैराज मार्ग पर थे। स्वाट टीम सही समय पर न पकड़ती तो एक बड़ी घटना को लुटेरे अंजाम दे देते।