पाटन। स्कूल से घर जा रहे छात्रों की बाइक से थाना बिहार क्षेत्र के सुमेरपुर स्थित डिग्री कॉलेज के सामने तेज रफ्तार स्कूल बस भिड़ गई। इससे बाइक सवार दोनों छात्र घायल हो गए। इन्हें स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। दोनों छात्रों की हालत गंभीर देख यहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। अस्पताल लाते समय एक छात्र ने दम तोड़ दिया।
बिहार थानाक्षेत्र के नरीखेड़ा गांव निवासी संचित बाजपेई (16) पुत्र सतीश त्रिवेणी काशी इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र था। वह मंगलवार को छुट्टी होने के बाद कॉलेज के साथी रायबरेली जिले के कहिंजर गांव निवासी विवेक कुमार (17) पुत्र शिवराज कुशवाहा के साथ घर जा रहा था।
सुमेरपुर स्थित डिग्री कॉलेज के निकट तेज रफ्तार स्कूल बस बाइक से भिड़ गई। इससे दोनों छात्र उछलकर दूर जा गिरे। यह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक बस छोड़कर भाग निकला। राहगीर घायल छात्रों को लेकर स्वास्थ्य केंद्र आए। हालत गंभीर देख दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया
। परिजन दोनों को जिला अस्पताल ले जाने लगे। संचित ने रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बस को कब्जे में ले लिया गया।