उन्नाव। दही चौकी के औद्योगिक क्षेत्र स्थित रुस्तम फूड्स प्राइवेट लिमिटेड व स्टैंडर्ड फ्रोजेन फूड्स एक्सपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड में बुधवार सुबह शुरू हुई आयकर विभाग की जांच शुक्रवार शाम करीब चार बजे खत्म हो गई। सूत्रों का दावा है कि करीब 60 घंटे चली जांच में अधिकारियों ने करोड़ों की टैक्स चोरी पकड़ी है
। टीम फैक्ट्री के कई कंप्यूटर व लैपटाप का डाटा स्कैन कर साथ ले गई है। आयकर विभाग की सख्त कार्रवाई से रुस्तम ग्रुप के अलावा अन्य फैक्ट्री मालिकों में दहशत का माहौल है।
आयकर विभाग ने बुधवार सुबह मांस निर्यातक सलीम कुरैशी के देश भर में 19 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी।
इसमें रुस्तम फूड्स प्राइवेट लि. व स्टैंडर्ड फ्रोजेन फूड्स एक्सपोर्ट प्राइवेट लि. भी शामिल रहीं। जांच शुक्रवार शाम करीब 4 बजे अंतिम पड़ाव पर पहुंची। अधिकारियों ने मौके से ही कार्रवाई रिपोर्ट मुख्यालय को भेज दी। सूत्रों के अनुसार तीन दिन चली जांच में करोड़ों की टैक्स चोरी पकड़ी गई। साथ ही हर दिन परमीशन से कहीं अधिक पशुओं की कटान का ब्योरा सामने आया है।
इस दौरान फैक्ट्री के आधा दर्जन से अधिक कंप्यूटर व लैपटॉप में दर्ज अहम दस्तावेज पकड़े गए। मांस निर्यातक के बड़े स्तर पर टैक्स चोरी किए जाने के प्रमाण मिले हैं। टीम ने कंप्यूटर डाटा स्कैन कर अपने पास सुरक्षित कर लिया है। सूत्रों का दावा है कि टीम दो लैपटाप जब्त कर साथ ले गई है।
वहीं उन्नाव में भी अचल संपत्ति का खुलासा हुआ है। आयकर अधिकारी ने जांच रिपोर्ट के बारे में कुछ भी बताने से इनकार किया है। वहीं फैक्ट्री प्रबंधन से जुड़े लोग भी चुप्पी साधे हैं।
आयकर अधिकारियों की 12 सदस्यीय टीम ने बुधवार सुबह रुस्तम फूड्स में इंट्री की थी। इस दौरान श्रमिकों को बाहर निकाल दिया था। फैक्ट्री प्रबंधन से जुड़े कर्मचारियों को नजरबंद कर लिया गया था। आयकर के सवालों के घेरे में फंसे कर्मचारी ठिठुरन भरी सर्दी में भी पसीना-पसीना रहे। शुक्रवार सुबह फैक्ट्री में काम करने वाले सिविल लाइन निवासी एक कर्मचारी के परिजन उसके कपड़े लेकर फैक्ट्री पहुंचे। इस दौरान परिजनों से कपड़े लेकर गेट के बाहर से ही लौटा दिया गया। आयकर अधिकारियों की वापसी के बाद कर्मचारी फैक्ट्री से बाहर निकल सके।
।