-सफीपुर कोतवाली में चोट के निशान दिखाता दूल्हा धर्मेंद्र।
- फोटो : amarujala
सफीपुर (उन्नाव)। शादी समारोह में खाने को लेकर बराती-घराती में मारपीट हो गई। दूल्हे के भाई ने विरोध किया तो उसके साथ भी मारपीट की। बचाव करने पहुंचे दूल्हे से भी धक्कामुक्की हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस की मौजूदगी में जैसे-तैसे फेरे तो हो गए लेकिन सुबह दू्ल्हन के पिता ने बेटी को ससुराल भेजने से इनकार कर दिया। इसके बाद दूल्हा और बाराती बिन दुल्हन के ही लौट गए।
ग्राम मुरादपुर में रविवार रात हसनगंज के निंदेमऊ से बारात आई थी। दूल्हा धर्मेंद्र बारात लेकर पहुंचा और शादी की रस्मे शुरू हुईं। देर रात खाना खाने के दौरान एक बाराती ने पनीर की सब्जी पसंद न आने पर टिप्पणी करते हुए कहा कि बरातियों को अच्छा खिला नहीं सकते तो बुला क्यों लिया। इसपर भोजन की व्यवस्था देख रहे लड़की पक्ष के युवक ने भी जवाब दे दिया।
दोनों में विवाद की जानकारी होने पर दूल्हे का भाई उमाशंकर पहुंचा और हंगामा शुरू कर दिया। इसी दौरान बरातियों और घरातियों में जमकर मारपीट हुई। मारपीट में दूल्हे का भाई उमाशंकर बेहोश हो गया। जबकि बीच-बचाव में दूल्हे को भी हल्की चोटें आईं। इसी दौरान किसी ने पुलिस को बारात में मारपीट और एक युवक की हत्या किए जाने की सूचना दे दी। आनन-फानन सफीपुर कोतवाली पहुंची तो जांच में मामला मारपीट का पाया।
पुलिस ने किसी तरह दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। बेहोश हुए उमाशंकर को पुलिस ने जिला अस्पताल भेजा और हंगामा कर रहे कई लोगों को खदेड़ दिया और लड़की पक्ष के लालाराम, बिमलेश, दुर्गेश को कोतवाली में बैठा लिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शादी की बाकी रस्में पूरी हुईं और दूल्हा-दूल्हन ने फेरे लिए। बारात में विवाद और मारपीट से नाराज दूल्हन के पिता सोमवार सुबह बेटी को विदा करने से इनकार कर दिया तो बाराती सकते में आ गए। दोनों पक्ष के लोगों ने समझाने का प्रयास किया लेकिन उन्होंने यह कहकर मना कर दिया कि जिन लोगों ने एक-दूसरे का मान-सम्मान रखा वह लोग उसकी बेटी के साथ भी गलत बर्ताव कर सकते हैं।
इसके बाद दूल्हा धर्मेंद्र सफीपुर कोतवाली पहुंचा और पुलिस से खुद के साथ मारपीट किए जाने की मौखिक शिकायत की है। सफीपुर कोतवाली प्रभारी कुलदीप तिवारी ने बताया कि किसी ने तहरीर नहीं दी है। जिन तीन युवकों को हिरासत में लिया गया था उन्हें हिदायत देकर छोड़ दिया गया है।