बेटा-बेटी व पत्नी के लाख मना करने पर अधेड़ शराब न छोड़ सका। परिजनों का विरोध बढ़ने पर वह अलग रहने लगा। तीन दिन पहले नशे में अधेड़ का अपनी मां से विवाद हो गया। कुछ देर बाद वह अपने कमरे में जाकर खुद पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा ली। शोर और आग की लपटें देख परिजन बाहर आए और किसी तरह से आग बुझाई। युवक को तत्काल पास के एक नर्सिंग होम ले गए जहां हालत गंभीर होने पर उर्सला रिफ र कर दिया गया। शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक की बेटी की 26 अप्रैल को शादी है। घटना गंगाघाट थाना क्षेत्र के प्रेमनगर मोहल्ला की है।
प्रेम नगर निवासी 50 वर्षीय महेश मिश्रा पुत्र स्व. शंभूनाथ मिश्रा टेंपो चला कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बीते गुरुवार की देर रात घर के आंगन में खुद पर मिट्टी का तेल डालकर अधेड़ ने आग लगा ली। जिन्हें गंभीर हालत में पास के नर्सिंग होम परिजन ले गए। जहां से उर्सला रिफ र कर दिया गया। अधेड़ की शुक्रवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की भाभी सावित्री पत्नी संतराम मिश्रा ने बताया कि महेश शराब का लती था और कुछ साल पहले ही टेंपो चलाना छोड़ दिया था। जिसके बाद से लगातार वह शराब पीकर घर आता था। बेटा रत्नेश और बेटी अंकिता के अलावा पत्नी निर्मला शराब का विरोध करतीं तो उनसे झगड़ा करता था। जिसके बाद महेश अलग कमरे में अकेले रहने लगा। इसी के बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था। गुरुवार की रात करीब नौ बजे महेश शराब के नशे में आया और मां परमेश्वरी देवी से किसी बात को लेकर झगड़ा करने लगा। जिसके बाद वह कमरे में गया। इधर मामला शांत होने पर परिवार के अन्य लोग भी सोने को चले गए। अचानक शोर होने के साथ आग की लपटे आंगन में दिखी तो परिवार के लोग भागे। महेश लपटों से घिरा था। परिजनों ने किसी तरह कथरी डालकर आग बुझाई और उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर गए। मृतक की पत्नी निर्मला ने बताया कि बेटी अंकिता की शादी 26 अप्रैल को होनी है। जिसके लिए घर में जोर शोर से तैयारी चल रही थी। लेकिन पति बेटी के हाथ पीले करने से पहले ही उन्हें छोड़ कर चले गए। परिजनों ने बताया कि महेश की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं थी। बेटे की बदौलत परिवार का गुजर बसर हो रहा था।