बिस्किट फैक्ट्री के ब्वायलर में लगे गैस सिलेंडर फटने से ब्वायलर रूम ढह गया। वहां काम कर रहे तीन श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों में एक फतेहपुर जिले का और दो कानपुर नरवल के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना की सूचना पर पुलिस प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को सूचना दी है।
शहर से कूछ दूर दही चौकी औद्योगिक क्षेत्र में स्थित काफा इंटरनेशल फैक्ट्री में बिस्किट बनाए जाते हैं। सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे फैक्ट्री के ब्वायलर में लगे गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज हुआ कि ब्वायलर रूम ढह गया। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कुछ ही देर में सिटी मजिस्ट्रेट व तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। बचाव कार्य शुरू किए गए। काफी मशक्कत के बाद पुलिस व दमकल जवान मलबे में दबे तीनों श्रमिकों के शव निकाले। मृतकों में फतेहपुर जिले के थाना सुल्तानपुर घोष के गांव बैरहना निवासी सुनील कुमार यादव (25) पुत्र संतकुमार, कानपुर नरवल थानाक्षेत्र के गांव रोशनपुर निवासी भगत सिंह (26) पुत्र शिव नारायण और इसी गांव का विनोद (28) पुत्र नन्हकऊ हैं। सूचना पर दूसरी फैक्ट्री में काम करने वाला मृतक सुनील का भांजा अभिषेक मौके पर पहुंचा और मृतकों की पहचान की। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। तहसीलदार विनोद कुमार ने बताया कि फैक्ट्री कानपुर चमनगंज निवासी किसी मो. कासिम की बताई जा रही है। फैक्ट्री मैनेजर के माध्यम से उन्हें सूचना देकर मौके पर बुलाया गया है।