उन्नाव। गाली-गलौज कर रहे जुआरियों ने रास्ते से गुजर रहे एक युवक की पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर तो दर्ज की मगर अबतक किसी की गिरफ्तारी नहीं की। पीड़ित का आरोप है कि मारपीट करने वाले युवक उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
अजगैन थानाक्षेत्र के कटरा मुर्तजानगर निवासी निशाक अली (25) रविवार शाम शौच के लिए गया था। लौटते समय वह गांव के चौराहा के पास पहुंचा तभी अपने दरवाजे पर जुआ खेल रहे संजय, पंकज, ह्रदयेश और उनके साथी गाली गलौज कर रहे थे।
जैसे ही निशाक अली, संजय के घर के सामने पहुंचा तो जुआरी उसे गालियां देने लगे। विरोध करने पर निशाक को पीटना शुरू कर दिया। सिर में धारदार हथियार से हमला कर देने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उसके परिजन थाने लेकर पहुंचे।
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर घायल को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस ने हमलावरों में किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की और जानलेवा हमला करने के बजाए सिर्फ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया। पीड़ित ने सोमवार को एएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। एएसपी ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।