बांगरमऊ। तेज रफ्तार बस की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर है। घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। हालांकि पुलिस ने समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाया।
बांगरमऊ कसबा के मोहल्ला हटिया निवासी सरोज कुमार (25) पुत्र शांतिप्रसाद और परबिया टोला निवासी एखलाक (30) पुत्र भूरा सोमवार को किसी काम से जोगीकोट गांव गए थे। दोपहर बाद दोनों वापस लौट रहे थे तभी बांगरमऊ-संडीला मार्ग पर विपरीत दिशा से आ रही बस ने टक्कर मार दी।
हादसे में घायल दोनों युवकों को पुलिस ने बांगरमऊ स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सरोज को मृत घोषित कर दिया जबकि एखलाक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंचे परिजनों और रिश्तेदारों ने मौत की जानकारी होने पर अस्पताल के सामने उन्नाव-हरदोई मार्ग पर जाम लगा दिया। पुलिस के काफी समझाने और हर संभव मदद का आश्वासन देने पर करीब एक घंटे बाद प्रदर्शन कर रहे लोग सड़क से हटे।