उन्नाव। औरास थानाक्षेत्र के पंचमखेड़ा गांव के पास आगरा-एक्सप्रेस-वे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दरोगा पिता व पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पीएचसी औरास लाया गया। दोनों की हालत नाजुक देख डाक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां बेटे ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया जबकि पिता का इलाज चल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बेटा पिता को छोड़ने बाइक से मल्लावां जा रहा था।
रायबरेली जिले के किशुनपुर के मजरे जोहवा सनकी निवासी सियाराम (54) पुत्र स्व. नन्हू हरदोई जिले के मल्लावां थाने में दरोगा के पद पर तैनात हैं। गुरूवार को वह बेटे बालेंद्र (23) के साथ बाइक से मल्लावां जा रहे थे। औरास थानाक्षेत्र के आगरा-एक्सप्रेस-वे पर पंचमखेड़ा गांव के निकट बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इसमें पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। शुक्रवार को जिला अस्पताल में बालेंद्र ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायल दरोगा का अस्पताल में इलाज जारी है। पिता ने बताया कि बालेंद्र एमएससी का छात्र था। दरोगा के गांव जोहवा सनकी में मौत की खबर पहुंचते ही कोहराम मच गया।