जीटीबी एंक्लेव शाहदरा से गायब दीपक उर्फ गोविंद की हत्या उसके दोस्त ने ही अपनी प्रेमिका के साथ संबंध होने के संदेह साथी के साथ मिलकर की थी। पुलिस ने हत्यारों की निशानदेही पर कोतवाली क्षेत्र में सनौटा झाल से दीपक का शव बरामद कर लिया है।
थाना जीटीबी एंक्लेव के एसएचओ अनुपम भूषण ने बताया कि जीटीबी एंक्लेव शाहदरा निवासी दीपक शर्मा(23वर्ष)पुत्र मदनलाल प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। 31 मार्च 2017 को वह संदिग्ध हालात में लापता हो गया था।
दीपक के परिजनों ने थाने पर उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान प्रकाश में आया कि दीपक को आखिरी बार उसके दोस्त रंजीत सिंह, सौरव के साथ देखा था। बताया कि संदेह के आधार पर जब रंजित और सौरव से पूछताछ की गई तो उन्होंने अपना गुनाह कबूल कर लिया।
एसएचओ ने बताया कि पूछताछ में रंजीत ने बताया कि उसके संदेह था कि उसकी प्रेमिका के साथ दीपक के संबंध है। इसलिए वह दीपक से रंजिश रखने लगा। 31 मार्च को वह सौरव के साथ दीपक को घूमने के बहाने से मसूरी लेकर आ गए।
जहां उन्होंने दीपक की गला घोंटकर हत्या कर दी। और शव गंग नहर में फेंक दिया। बृहस्पतिवार को दिल्ली पुलिस ने हत्यारों की निशानदेही पर सनौटा झाल से दीपक का शव बरामद कर लिया।