गंजमुरादाबाद। बांगरमऊ कोतवाली पुलिस ने गुरुवार सुबह एक बंद कंटेनर से 36 गोवंश बरामद किए। उन्नाव से हरदोई की ओर जा रहे कंटेनर का चालक व परिचालक पीआरवी को देख भाग निकले। पुलिस ने पशुओं को नगर पालिका की गोशाला भेजा है।
गुरुवार सुबह एक कंटेनर उन्नाव से हरदोई की ओर जा रहा था। कंटेनर के पीछे चल रही पीआरवी को देख चालक ने हरदोई उन्नाव मार्ग पर मुख्य बस अड्डे के पास कंटेनर रोक दिया और मौका देख भाग निकले। पीआरवी में बैठे सिपाहियों ने शक होने पर कंटेनर खुलवाया तो उसमें गोवंश लदे मिले। पीआरवी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। सूचना इंस्पेक्टर द्वितीय सुरेश कुमार पटेल मौके पर पहुंचे।
उन्होंने कंटेनर को चौकी में खड़ा कराया और मवेशियों को नीचे उतरवाया। पुलिस को कंटेनर से 4 गाय व 32 सांड़ मिले। पुलिस ने सभी को उन्नाव नगर पालिका की गोशाला भिजवा दिया। इंस्पेक्टर सुरेश कुमार पटेल ने बताया कि अज्ञात चालक व परिचालक के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।