उन्नाव। नववर्ष का स्वागत धूम धड़ाके के साथ हुआ। शहर में कई स्थानों पर रात भर लोगों ने जश्न मनाया। होटलों व ढाबों पर भी युवाओं की भीड़ उमड़ी। कई स्थानों पर लोगों ने हुड़दंग भी काटा। बवाल की सूचना पर पुलिस रात भर चकरघिन्नी बनी रही। पुलिस ने सोमवार रात कई होटलों व ढाबों की तलाशी ली। चौराहों पर वाहन चेकिंग करने के साथ ही संदिग्ध लोगों की तलाशी भी ली गई।
नए साल के जश्न में किसी तरह की अप्रिय घटना न होने पाए इसके लिए शहर के सभी चौराहों पर रात आठ बजे से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात हो गया था। देर रात तक दो व चार पहिया वाहन सवारों की चेकिंग चलती रही। ढाबों पर शराब पीते पकड़े गए 12 लोगों का चालान किया गया। पुलिस ने बिना किसी आईडी के होटल में लोगों को प्रवेश न देने के निर्देश संचालकों को दिए थे। सीओ उमेश चंद्र त्यागी ने बताया कि पुलिस बल को पहले ही सक्रिय कर दिया गया था। हुड़दंग काटने वालों पर कार्रवाई की गई है।
होटल व ढाबा संचालकों ने मांगी थी सुरक्षा
नए साल पर होटलों व ढाबों पर भारी भीड़ जुटने की आशंका पर संचालकों ने पहले ही पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। संबंधित चौकी प्रभारियों से भी सुरक्षा के लिए संपर्क किया था। पुलिस ने अपनी निगाह उन स्थानों पर अधिक रखी, जहां भारी भीड़ जुट रही थी।
ब्रेथ एनालाइजर से की गई चेकिंग
सोमवार रात पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान ब्रेथ एनालाइजर का भी सहारा लिया। दो पहिया व चार पहिया वाहन सवारों को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से चेक किया गया। इस दौरान सदर कोतवाली क्षेत्र में चार लोग शराब पीकर वाहन चलाते पकड़े गए। पुलिस ने ब्रेथ एनालाइजर से चेकिंग के बाद चार लोगों चालान काटा।
हंगामे की अफवाह बनी चुनौती
सोमवार रात पुलिस को कई हंगामे की कई ऐसी सूचनाएं भी मिली जो बाद में अफवाह साबित हुई। सदर चौकी इंचार्ज शालिनी सहाय, जिला अस्पताल चौकी इंचार्ज रामजीत, ललऊखेड़ा चौकी इंचार्ज जितेंद्र यादव को ढाबों व होटलों में शराब पीने के बाद बवाल की सूचनाएं मिली। सूचना पर जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो उन्हें सब सामान्य मिला।