अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। घर से मुंबई जाने की बात कहकर निकले युवक का शव गांव से दो सौ मीटर दूर एक डिग्री कालेज के बाहर मिला। ग्रामीण युवक की जहर खाने से मौत होने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
अजगैन थानाक्षेत्र के धोपा जमुरिया निवासी प्रभुदयाल (19) पुत्र मुन्ना मंगलवार शाम मुंबई जाने के लिए घर से निकला था।
ग्रामीणों ने जब प्रभुदयाल को बेहोशी की हालत में पड़ा पाया तो उन्होंने परिजनों को सूचना दी। हालांकि परिजनों के मौके पर पहुंचने से पहले ही प्रभुदयाल ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों के अनुसार प्रभुदयाल गांव के ही एक युवक के साथ नवाबगंज तक गया था हालांकि वहां से वह गांव लौट आया। इस बीच संदिग्ध हालात में उसकी मौत हो गई। प्रभुदयाल के पास ही उसका सामान भी रखा था। पास में ही एक संदिग्ध शीशी पड़ी थी। पुलिस ने को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रभुदयाल बचपन से ही मामा रामदयाल के साथ अजगैन थानाक्षेत्र के धोपा जमुरिया गांव में रह रहा था। मामा रामदयाल ने बताया कि उसकी बहन बाला की शादी पिपरी गांव निवासी मुन्ना के साथ हुई थी। हालांकि शादी के बाद वह मायके आ गई। जहां उसने प्रभुदयाल को जन्म दिया। जन्म के बाद से प्रभूदयाल मां के साथ ननिहाल में ही रह रहा था। जबकि उसके पिता मुन्ना ने दूसरी शादी कर ली है।
-गांव से दो सौ मीटर दूर संदिग्ध हालात में मिला शव
-जहर खाने से मौत होने की ग्रामीणों ने जताई आशंका
-पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा