अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। रविवार देर रात लखनऊ बाईपास पर वाहन चेकिंग के दौरान कार सवार युवकों ने पुलिस के सामने ही हूटर बजा दिया। तेज आवाज में हूटर बजाने पर सीओ सिटी ने कार सवार युवकों को दौड़ा लिया। दही चौकी के निकट युवकों को पकड़ने के बाद पुलिस ने कार में लगा हूटर व एलईडी लाइट उतरवा दी। हालांकि कार सवार युवकों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया। बताया जा रहा है कि कार सवार युवक सीआरपीएफ में तैनात एक अधिकारी के बेटे थे। इसलिए पुलिस ने उन्हें जाने दिया।
एसपी उत्तरी अनूप सिंह व सीओ सिटी स्वतंत्र देव सिंह रविवार रात गश्त पर थे। लखनऊ बाईपास पर दोनों अधिकारी वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी कानपुर की ओर से आ रही एक क्रेटा कार तेज हूटर बजाते हुए लखनऊ की तरफ भागने लगी। इस पर सीओ सिटी ने फोर्स के साथ कार का पीछा किया और पकड़ लिया। पूछताछ में एक युवक ने अपना परिचय सीआरपीएफ में तैनात एक अधिकारी के बेटे के रूप में दिया।
-लखनऊ बायपास पर वाहन चेकिंग के दौरान हूटर बजाते निकले थे कार सवार युवक
-पुलिस ने कार से हूटर व एलईडी लाइट उतरवाई