बांगरमऊ (उन्नाव)। हरदोई जिले के मल्लावां में रहने वाली मौसी के घर में काम कर रहे मजदूरों को भुगतान कर बाइक से लौट रहे शीशा व्यापारी सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने उसे बांगरमऊ सीएचसी पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के वक्त वह हेलमेट नहीं लगाए था।
बांगरमऊ के झरटेरा गांव निवासी गोविंद (30) पुत्र श्रीराम घरों में ग्लास (शीशा) का कारोबार करता था। पिता श्रीराम ने बताया कि मंगलवार को वह मल्लावा में रहने वाली मौसी सीता के घर गया था। सीता के घर में शीशा लग रहे हैं। गोविंद काम कर रहे कारीगर और मजदूरों को रुपये देने गया था।
देर रात लौट रहा था तभी बांगरमऊ के अतरधनी गांव के पास कोई वाहन बाइक में टक्कर मारते हुए निकल गया। सड़क पर गिरे गोविंद को पीछे से आए किसी और वाहन ने भी कुचल दिया। हेलमेट न लगाए होने से सिर में गंभीर चोटें आईं। मार्ग से निकल रहे राहगीरों ने गोविंद को बांगरमऊ अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता श्रीराम ने बताया कि गोविंद चार भाइयों में दूसरे नंबर का था। दो साल पहले उसकी पूजा से शादी हुई थी। बेटे की मौत से मां श्रीमती व पत्नी पूजा का रो रोकर बुरा हाल है।
-हरदोई के मल्लावां में मौसी के घर मजदूरों को रुपये देने गया था
-बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र में अज्ञात वाहन से हुआ हादसा