उन्नाव। शहर के एक मोहल्ला निवासी युवती ने अपनी ही मौसी पर तीन लाख रुपये के बदले अधेड़ उम्र के व्यक्ति से जबरन शादी कराने का आरोप लगाया है। युवती ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। युवती की तहरीर पर पुलिस ने फिलहाल जांच शुरू कर दी है।
युवती की तहरीर के मुताबिक उसके पिता की कई साल पहले मौत हो गई थी। मां भी बीमार रहती थी। एक साल पहले मां के इलाज के नाम पर मौसी ने शादी करने का दबाव डाला। मौसी के दबाव में उसने राजस्थान के चूरू जिले में रहने वाले अपने से दोगुनी उम्र के व्यक्ति से शादी कर ली। आरोप है कि शादी के बदले मौसी ने तीन लाख रुपये लिए थे। युवती का यह भी आरोप है कि मौसी ने मां का इलाज भी नहीं कराया और रुपये हड़प लिए। एक साल तक वह राजस्थान में रही।
जहां उसका शारीरिक शोषण किया गया। इस बीच वह किसी तरह घर लौट आई। उसने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। सदर कोतवाली प्रभारी दिनेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि प्रकरण जानकारी में आया है, जांच कराई जा रही है।
- कोतवाली में युवती ने मौसी के खिलाफ दी तहरीर, पुलिस कर रही जांच