अमर उजाला ब्यूरो
मौरावां। थानाक्षेत्र के गांव देवमई में युवक का शव घर के अंदर कमरे में दुपट्टे से बने फांसी के फंदे पर लटकता मिला। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
देवमई गांव निवासी राहुल कुमार (22) पुत्र शंकर मूलत: शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बरवट का रहने वाला था। नाना सत्यनारायण फौज में थे। उनके लड़के न होने से राहुल को वारिस बनाया था। पंद्रह साल पहले नाना की मौत के बाद वह नानी चमेली के साथ रहने लगा। पूरा परिवार बरबट गांव में रहता है। तीन महीने पहले नानी ने भी बीमारी से दम तोड़ दिया। नाना-नानी की मौत के बाद राहुल ढलाई मशीन में मजदूरी करने लगा। शनिवार शाम पड़ोसियों ने उसे देखा।
रविवार सुबह करीब दस बजे पड़ोसी गांव त्रिलोकपुर निवासी दोस्त पिंटू उसे लेने घर पहुंचा तो देखा दरवाजा अंदर से बंद था। कमरे में लगी खिड़की के पल्लों में धक्का दिया तो देखा राहुल का शव दुपट्टे से लटक रहा था। सूचना परिजनों को देने के साथ ही पुलिस को दी। परिजन व हल्का प्रभारी जोद्धालाल ने मौके पर जांच की। बताते हैं दो दिन राहुल का कानपुर में रह रही बहन से विवाद हुआ था। बेटे की मौत से मां रेखा के अलावा अन्य परिजन रो-रोकर बेहाल हैं। वह तीन बहनों का इकलौता था।
एसओ मो. अशरफ ने बताया कि किसी का कोई आरोप नहीं है। शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही हकीकत सामने आएगी।
- दोस्त की सूचना पर पहुंची पुलिस, की जांच
- ननिहाल में रहता था युवक