संकरी पुलिया में ट्रक भिड़ंत से जाम
उन्नाव। हरदोई-उन्नाव मार्ग पर भदनी गांव के निकट संकरी पुलिया पर दो ट्रक भिड़ गए। ट्रकों की भिड़ंत से जाम लग गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। इस दौरान लगभग आधा घंटे तक जाम लगा रहा।
माखी थाना में दोस्तीनगर नहर पुलिया से सफीपुर के अटवा गांव तक बीस किलोमीटर में लगभग 25 संकरी पुलियां हैं।
वर्ष 2005 में हरदोई-उन्नाव मार्ग चौड़ा होने के बाद भी संकरी पुलियों पर कोई काम नहीं हुआ। लोक निर्माण विभाग ने पुलियों के चौड़ीकरण की ओर ध्यान नहीं दिया। ट्रक चालक कल्लू, इरशाद, रामस्वरूप, पप्पू, राजेश सिंह, बलवीर सिंह, दलजीत सिंह का कहना है कि ट्रक मालिक कई टैक्स चुकाते हैं।
इसे बाद भी सरकार व विभागीय अधिकारी संकरी पुलियाें पर काम नहीं कराते। इससे ट्रक चालकाें की जिंदगी दांव पर लगी रहती है। वाहन खंती में जाने से लाखों रुपये का नुकसान होता है।
- पुलिस ने क्रेन मंगाकर हटवाए ट्रक
अमर उजाला ब्यूरो