नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर कुमेदान खेड़ा के निकट सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
मुर्तजानगर गांव निवासी बुद्धावती (50) पत्नी स्व. बृजलाल को कई दिनों से बुखार आ रहा था। सोमवार सुबह वह बेटे विमलेश के साथ दवा लेने जिला अस्पताल आ रही थी। कुमेदानखेड़ा गांव के पास वह वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी कानपुर से लखनऊ की ओर जा रहा बाइक सवार टक्कर मारते हुए निकल गया। गंभीर रूप से घायल बुद्धावती को पुलिस ने जिला अस्पताल पहुंचाया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बुद्धावती के चार बेटे व एक बेटी है। सभी मजदूरी कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। एसआई राजीव यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।