युवती को खोजने निकले युवक को अगवा कर पीटा
गंजमुरादाबाद। चौबीस दिन पहले रहस्यमय हालात में लापता युवती को खोजने निकले युवक को शनिवार शाम को कन्नौज में टवेरा सवार छह युवकों ने गाड़ी में डालकर बंधक बना लिया। इसके बाद मारपीट की। रविवार सुबह बांगरमऊ कस्बे के पास उन्नाव-हरदोई मार्ग पर बेहोशी की हालत में फेंक कर भाग निकले। सुबह लोगों ने पुलिस को सूचना दी। परिजनों ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया।
सफीपुर कोतवाली के ददलहा गांव निवासी युवती बांगरमऊ कोतवाली के बहलोलपुर स्थित फैजुल्लाशाह बाबा की मजार पर आया करती थी। उसके साथ बांगरमऊ नगर के मोहल्ला अहिराना निवासी रामचंद्र भी अपनी बेटी को लेकर आता था। दोनों युवतियों में दोस्ती हो गई थी। 19 अगस्त को ददलहा गांव निवासी युवती लापता हो गई। परिजनों ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट सफीपुर कोतवाली में दर्ज कराई। बाद में युवती के परिजनों ने बांगरमऊ के अहिराना निवासी रामचंद्र (40) पर युवती को लापता करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी।
आरोप को खारिज करते हुए शुक्रवार सुबह रामचंद्र लापता युवती की खोजकर लाने की बात कहते हुए कन्नौज जिले के थाना गुरसहायगंज गया था। युवती का पता न चलने पर शनिवार शाम रामचंद्र बस से वापस बांगरमऊ आ रहा था। कन्नौज जिले के भगवंतपुरवा गांव के सामने टवेरा सवार सफीपुर के ददलहा गांव निवासी छह लोगों ने बस रुकवाई। इन्होंने रामचंद्र को खींचकर कार में डाल लिया। रामचंद्र का आरोप है कि युवकों ने उसे बगैर कोई वजह बताए जमकर पीटा। पीड़ित के चाचा मन्ना यादव की तहरीर पर पुलिस ने हीरालाल और सरवन सहित छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
- रात भर गाड़ी में डालने के बाद सुबह गंजमुरादाबाद नगर पुलिस चौकी के निकट फेंका, गंभीर हालत में परिजन लाए स्वास्थ्य केंद्र, हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर, पीड़ित के चाचा की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो