बांगरमऊ में रिटायर्ड बैंक मैनेजर के घर चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
- फोटो : अमर उजाला
बांगरमऊ कस्बा के मोहल्ला गढ़ी निवासी रिटायर्ड बैंक मैनेजर के पांच दिनों से बंद पड़े घर में आंगन का जाल तोड़कर दाखिल हुए चोरों ने जेवर-नगदी व अन्य कीमती सामान समेत करीब 25 लाख का माल पार कर दिया। पूरा परिवार गृहस्वामी की हार्ट सर्जरी कराने लखनऊ के एक नर्सिंगहोम में था। बुधवार को परिवार लौटा तब घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शुरुआती तफ्तीश की। इसके बाद फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। बांगरमऊ कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर घटना का जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा।
बांगरमऊ कस्बा के मोहल्ला गढ़ी निवासी महानंद, आर्यावर्त ऑफ ग्रामीण में बैंक मैनेजर थे। दो साल पहले वह फतेहपुर चौरासी से रिटायर हुए थे। वह हृदय रोग से पीड़ित हैं। हालत बिगड़ने पर 15 अप्रैल को उन्हें लखनऊ के डिवाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। उनकी हार्ट सर्जरी हुई है। बेटा माया प्रकाश लघु सिंचाई विभाग लखनऊ जवाहर भवन में एकाउंटेंट के पद पर तैनात है। माया प्रकाश की पत्नी कांती सरकारी टीचर हैं। वह मौजूदा समय में बांगरमऊ तहसील के मुस्तफाबाद में तैनात हैं।
20 अप्रैल को मायाप्रकाश घर आया था। वह कुछ देर रुकने के बाद वह वापस लखनऊ चला गया था। इसके बाद से घर में ताला बंद था। बुधवार देर शाम माया प्रकाश अपने पिता व परिवार को लेकर घर लौटा तो कमरों के ताले टूटे मिले। सारा सामान बिखरा मिला। घर की हालत देख सभी के होश उड़ गए। चोरी होने की सूचना पर पुलिस पहुंची। तफ्तीश में पता चला कि चोर मकान के पीछे से छत पर चढ़े और आंगन का जाल काटकर घर के भीतर दाखिल हुए।
अलमारियों और बक्सों के ताले तोड़कर चोरों ने डेढ़ लाख रुपये की नगदी और महानंद की पत्नी रामरती व बहू कांती के जेवर व अन्य कीमती समान समेत 25 लाख का माल समेट ले गए। कोतवाली प्रभारी ने उच्चाधिकारियों को घटना की सूचना दी। इसके बाद डाग स्क्वायड और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के लोगों से भी जानकारी करने का प्रयास किया। कोई भी घटना की जानकारी या संदिग्ध के नजर आने की बात से इनकार करता रहा। कोतवाली प्रभारी धीरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। घटना का जल्द से जल्द खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
तीन सौ मीटर दूर तक गया स्निफर डॉग
पुलिस स्निफर डॉग को लेकर घटना स्थल पहुंची। स्निफर डॉग घर के कमरों में चक्कर लगाने के बाद छत पर गया और वहीं से पीछे की तरफ कूद गया। वह करीब 300 मीटर दूर स्टेशन रोड तक गया। अनुमान लगाया जा रहा है कि चोर इसी रास्ते से भागे थे।