उन्नाव। बैंक में तीन लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर युवक ने तेरह लाख की ठगी कर ली। नौकरी न मिलने पर पीड़ितों ने रुपये मांगे तो युवक ने फर्जी चेक थमा दी।
बैंक में चेक बाउंस हो गई। पीड़ित दोबारा युवक के पास पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया गया। कोतवाली में तहरीर दी गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
फतेहपुर जिले के थाना बिंदकी के गांव जाफराबाद निवासी रामबिलास पुत्र मुरली छह महीने पहले शहर के चकबंदी विभाग में कार्यरत गंगासागर से मिलने आया था। यहां उसकी मुलाकात अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव इटौली निवासी युवक कमल से हुई। युवक ने बताया कि उसके बड़े भाई प्रेम सिंह यूनियन बैंक में जीएम हैं।
बैंक में दफ्तरी और चपरासी की जगह हैं। कोई हो तो नौकरी लगवा सकता हूं। तीन दिन बाद रामबिलास ने युवक के फोन पर बात की। युवक ने शैक्षणिक प्रमाण पत्र के साथ फोटो लेकर उन्नाव बुलाया। रामबिलास अनुज, अभिषेक व एक रिश्तेदार हमीरपुर जिले के थाना सुमेरपुर के गांव पचखुरा बुजुर्ग निवासी संदीप के कागज लेकर अपने साथी बांदा जिले के महजितियाडेरा निवासी धर्मवीर सोनकर के साथ 31 दिसंबर 2017 को उन्नाव पहुंचा। यहां धर्मवीर ने भी अपने बेटे की नौकरी की बात की। कमल ने चारों का तेरह लाख रुपये में काम कराने का आश्वासन दिया। पीड़ितों ने रुपये व शैक्षणिक प्रमाणपत्र दे दिए।
लखनऊ बाईपास स्थित पूर्णादेवी धाम मंदिर के निकट रुपये लेने के बाद युवकने शपथ पत्र भी दिया। पांच महीने बाद युवक को फोन किया गया तो उसने कॉल नहीं उठाई। 27 मई 2018 को सभी युवक से मिलने उसके गांव पहुंचे। यहां उसने गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ितों ने एसपी से न्याय की फरियाद की। एसपी हरीश कुमार के निर्देश पर ठग कमल के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोतवाल अरुण द्विवेदी ने बताया कि जांच की जा रही है।
नौकरी दिलाने के नाम पर 13 लाख की ठगी
युवक ने दी जान से मारने की धमकी, आरोपी के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो