अमर उजाला ब्यूरो
बीघापुर। घर से खेत जाने के लिए निकला किसान देर शाम तक घर नहीं लौटा। घर वालों ने तलाश शुरू की तो गांव के बाहर तालाब में शव मिला। घर वालों ने हत्या की आशंका जताई। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
बीघापुर थानाक्षेत्र के मेहंदीपुर के मजरा रानीपुर गांव निवासी धनीराम (45) पुत्र बाबूलाल सोमवार शाम करीब चार बजे घर से खेत जाने के लिए निकला था। रात करीब सात बजे न लौटने पर परिजनों ने खोज की। रात करीब नौ बजे ग्रामीणों ने शव तालाब किनारे पानी में पड़ा देखा।
परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और हत्या का आरोप लगाया। एसओ फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच कर शव पोस्टमार्टम को भेजा। मृतक की पत्नी तारावती के अलावा बच्चों में दो लड़के व तीन लड़कियां हैं। वह चार भाईयों में दूसरे नंबर का था। एसओ मनोज मिश्रा ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
- परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि