अमर उजाला ब्यूरो
उन्नाव। विभिन्न विभागों में रिक्तियों के नाम पर मोटी रकम वसूलने वाले गिरोह सक्रिय हैं। स्वास्थ्य विभाग के बाद अब आंगनबाड़ी केंद्रों में टीचरों की भर्ती के नाम पर सोशल मीडिया पर फर्जी विज्ञापन वायरल हुआ है। महिलाएं आनलाइन आवेदन कर रही हैं जबकि विभागीय अधिकारी ने विभाग की ओर से किसी प्रकार की भर्ती न किए जाने की जानकारी देकर आवेदन को फर्जी करार दिया है।
आंगनबाड़ी केंद्रों पर टीचरों की भर्ती के लिए बाल विकास शिक्षा संगठन द्वारा आनलाइन आवेदन लिया जा रहा है। बताया जाता है कि कुछ लोग भर्ती कराने के नाम पर वसूली भी कर रहे हैं। जानकारों की मानें तो कुछ महिलाएं इसके झांसे में आ भी गई हैं और टीचर बनाने के नाम पर पैसे देने को तैयार भी हो गई हैं।
वहीं जिला कार्यक्रम अधिकारी दुर्गेश प्रताप सिंह के मुताबिक, विभाग की ओर से किसी प्रकार की भर्ती नहीं निकाली गई है। उन्होंने आवेदनकर्ताओं से अपील की है कि वह किसी प्रकार के झांसे में न आए। शासनस्तर से विभाग की कोई भर्तियां नहीं निकाली गई हैं।
-जिला कार्यक्रम अधिकारी ने विभाग में किसी भी प्रकार की भर्ती न होने की दी जानकारी
-फर्जी ढंग से आंगनबाड़ी टीचरों के लिए हो रहे आनलाइन आवेदन को सिरे से नकारा