औरास। साले की शादी में पत्नी को डांस करने से रोकना पति को महंगा पड़ गया। पत्नी ने अपने भाइयों संग पति को जलाकर मारने का प्रयास किया। पिता की तहरीर पर पत्नी सहित छह लोगों पर मामला पुलिस ने दर्ज किया। युवक का इलाज लखनऊ के सिविल अस्पताल में चल रहा है।
आसीवन थानाक्षेत्र के सिद्धनाथ गांव निवासी राधे पुत्र मक्का ने अपने बेटे छोटू की शादी बाकरखेड़ा निवासी आरती पुत्री सोहन से करीब 4 वर्ष पहले की थी। 30 मई को छोटू के साले सरोज की बरात इनायतपुर बर्रा गांव गई थी। शादी में छोटू अपनी पत्नी आरती के साथ आया था। द्वारचार के समय आरती अन्य बरातियों के साथ डांस कर रही थी, छोटू ने उसको डांस करने से मना किया। इस पर विवाद हो गया। एसपी को दी तहरीर में छोटू के पिता राधे ने आरोप लगाया कि डांस करने से रोकने पर बहू आरती उसके भाई सचिन, मनोज व सरोज और बांगरमऊ कोतवाली के आसत गांव निवासी रिश्तेदार मलखान व औरास थाने के दिपवल गांव के शारदा ने मारपीट कर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। चीख पुकार सुन अन्य रिश्तेदारों ने उसे औरास पीएचसी में भर्ती कराया था। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में उसका इलाज चल रहा है। पिता ने औरास पुलिस को तहरीर दी लेकिन पुलिस ने मुकदमा नहीं लिखा। बीते 7 जून को पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई। थानाध्यक्ष संजीव कुमार यादव ने बताया युवक के पिता की तहरीर पर बहू और उसके तीन भाइयों समेत छह लोगों पर आग लगाकर कर हत्या का प्रयास किए जाने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।