सफीपुर। कोतवाली के पास मियागंज चौराहे पर शनिवार को साधु वेशधारी युवक ने महिला को अपनी बातों में फंसा कर सोने के जेवर उतरवा लिए और पूजा करने के लिए सौ मीटर दूर भेज दिया। महिला वापस लौटी तो साधु व उसके साथ मौजूद युवक गायब मिला। ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी है।
सफीपुर के खादिम अलीखेड़ा निवासी नन्ही के पति सुशील की एक साल पहले मौत हो गई थी। नन्ही ने बताया कि शनिवार को मियागंज चौराहे पर उसे एक युवक मिला। युवक ने उसे रोककर कुछ बात की।
तभी साधु के वेश में एक युवक पहुंचा और पूर्व में हो चुकी घटनाओं के बारे में बताने लगा। इस पर उसे साधु की बातों पर विश्वास हो गया। इस बीच साधु ने उसकी झुमकी, गले की सोने की चेन ले ली और उसे पूजा करने की बात कहकर सौ मीटर दूर भेज दिया। वह वापस लौटी तो युवक व साधु गायब मिला। यह देख उसके होश उड़ गए। उसने फौरन पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने काफी खोजबीन की, लेकिन आरोपियों को पता नहीं चल सका।