रकम दोगुनी करने का झांसा देकर चार लाख हड़पे
उन्नाव। पुरवा में छह माह में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर प्राइवेट कंपनी के एजेंट ने एक दर्जन लोगों से चार लाख रुपये ले लिए। समय पूरा होने के लोगों ने रुपये मांगे तो एजेंट ने इनकार कर दिया। ठगे जाने का अहसास होने पर पीड़ित बुधवार को सीओ के पास पहुंचे। इन्होंने सीओ को जानकारी दी। सीओ ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
पुरवा कोतवाली के ग्राम मिर्जापुर सुम्हारी निवासी सपना, अजीज, सुरेश, सचिन, बाबूलाल, सतीश व पंचम ने बताया कि गांव के ओमप्रकाश ने एक प्राइवेट कंपनी में खाता खुलवाकर रुपये जमा कराए थे। ओमप्रकाश ने छह माह में रुपये दोगुने करने का दावा किया था।
ओमप्रकाश ने सचिन से 32 हजार, अजीज से 48 हजार, सुरेश से 12 हजार, बाबूलाल से 41 हजार, श्यामबाबू से 18 हजार, सूरजू से 36 हजार, सपना से 36 हजार, पंचम से 43 हजार और सतीश से 70 हजार रुपये जमा कराए थे। छह माह गुजरने के बाद एजेंट ने रुपये लौटाने से इनकार कर दिया। एजेंट ने बताया कि जिस कंपनी में रुपये जमा किए गए,वह भाग गई। इस पर पीड़ित सीओ शशिशेखर के पास पहुंचे। सीओ ने बताया कि शिकायत मिली है। जांच कोतवाली पुलिस को दे दी गई है।
- छह माह में प्राइवेट कंपनी के एजेंट ने रकम दोगुनी करने का दिया था झांसा, समय पूरा होने पर एजेंट ने रुपये लौटाने से किया इनकार, पीड़ितों ने सीओ को दिया शिकायती पत्र
अमर उजाला ब्यूरो