अमर उजाला ब्यूरो
बीघापुर। बीघापुर व बिहार थाना क्षेत्र में मंगलवार रात अलग अलग स्थानों पर एक महिला व पुरुष के शव रेल ट्रैक किनारे मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वृद्ध महिला के शव की शिनाख्त हो गई। जबकि बुजुर्ग पुरुष की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
बीघापुर थानाक्षेत्र के कुलहा हाल्ट व बीघापुर रेलवे स्टेशन के बीच बेहटा गोपी गांव के सामने लगभग 60 साल के वृद्ध का शव बुधवार सुबह ग्रामीणों ने रेलवे पटरी के बीच पड़ा देखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची बीघापुर पुलिस ने शव को ट्रैक से हटवाया और जीआरपी को सूचना दी। इस दौरान जीआरपी व बीघापुर पुलिस ने शव के शिनाख्त को काफी प्रयास किए मगर पहचान नहीं हो सकी।
दूसरी घटना में बिहार थाना क्षेत्र के आकमपुर गांव के सामने रेलवे ट्रैक पर करीब 58 साल की वृद्धा का शव किसानों ने देखा। बिहार पुलिस ने शव को ट्रैक से किनारे हटाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद मृतका के पुत्र श्रीपाल ने शव की शिनाख्त की। बताया कि मां प्रभु देवी (58) पत्नी रामनाथ बिहार की थी। काफी दिनों से मानसिक बीमार चल रहीं थी। मंगलवार देर रात अचानक बिना बताए घर से चली गईं थी।
- बीघापुर के कुलहा हाल्ट के पास मृत बुजुर्ग की नहीं हुई शिनाख्त
- आकमपुर गांव के सामने हुई वृद्धा के शव को बेटे ने पहचाना