नवाबगंज। कस्बा बाजार स्थित सराफ की दुकान से टप्पेबाज ने चार सौ ग्राम चांदी की पायल पार कर दी। दुकानदार को जानकारी हुई तो उसने सीसीटीवी फुटेज खंगाली। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टप्पेबाज की पहचान कर पीड़ित सराफ ने पुलिस को तहरीर दी है।
नवाबगंज कस्बे की सदर बाजार में सराफ मार्केट में प्रकाश चंद्र गुप्ता की ज्वैलरी की दुकान है। प्रकाश चंद्र के अनुसार मंगलवार दोपहर एक महिला को ज्वैलरी दिखा रहे थे। इस दौरान उनके पास एक युवक आया और चांदी की पायल दिखाने को कहा। पायल लेने के लिए वह दूसरी दुकान चले गए। तभी मौका देख युवक काउंटर में रखी छह से अधिक पायल लेकर भाग निकला। दुकान लौटने के बाद जब प्रकाश ने महिला से युवक के संबंध में पूछताछ की तो वह कुछ नहीं बता सकी। इस दौरान जब काउंटर देखा तो वहां लगभग 400 ग्राम की पाजेब गायब मिली। शंका होने पर जब सीसीटीवी फुटेज चेक की तो युवक द्वारा पाजेब काउंटर से निकालने की जानकारी हुई। प्रकाश चंद्र ने कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार तिवारी न बताया कि घटना की जांच की जा रही है।
टप्पेबाज ने पार की 400 ग्राम चांदी की पाजेब
सीसीटीवी में कैद हुई टप्पेबाज की गतिविधि
सराफ ने की पहचान, पुलिस को दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो