फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिन दहाड़े मां-बेटे से 1.25 लाख लूटे

Wed, 29 Mar 2017 12:06 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, उन्नाव
विज्ञापन
पुरवा कोतवाली में लुटेरों के हमले से घायल नीरज। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विज्ञापन
बैंक से रुपये निकाल लौट रहे मां-बेटे का पीछा कर बाइक सवार बदमाशों ने बैंक से करीब दो किमी दूर सुनसान स्थान पर ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया और लूटपाट की। बेटे ने जब विरोध किया तो बदमाशों ने उसके सिर पर चाकू से हमला कर दिया। बेटे को लहूलुहान देख मां बदमाशों से भिड़ गई तो उसे धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश रुपयों का बैग छीनकर पुरवा की ओर भाग निकले।

पीड़ितों ने पुरवा कोतवाली पहुंच घटना की जानकारी दी तो पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया। पुलिस मां-बेटे को लेकर घटनास्थल पहुंची और छानबीन की। सूचना पर सीओ भी पहुंचे और बैंक में सीसीटीवी फुटेज खंगाला। जिसमें एक संदिग्ध की शिनाख्त की गई। सीओ ने कोतवाली पुलिस व क्राइम ब्रांच को खुलासे की जिम्मेदारी दी है।
विज्ञापन


पुरवा कोतवाली के बैगांव निवासी श्यामलाल विमल कुवैत में रहते हैं। उनकी बेटी की शादी होनी है। खरीदारी के लिए श्यामलाल ने पत्नी लीलावती के बैंक खाते में रुपये भेजे थे। लीलावती मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे बेटे नीरज के साथ पुरवा कस्बा स्थित एसबीआई शाखा से रुपये निकालने गई थी। उन्होंने खाते से 1.25 लाख रुपये निकाले थे। रुपये निकालने के बाद नीरज, मां को बाइक पर बैठाकर घर जा रहा था, तभी उन्नाव-पुरवा मार्ग पर करीब दो किमी दूर ठाकुरजी महाराज कालेज के पास पीछा करते हुए पहुंचे बाइक सवार दो लुटेरों ने ओवरटेक कर उनको रोक लिया। दोनों बदमाश चेहरे पर रुमाल बांधे थे। बदमाश नीरज से बैग छीनने लगे। विरोध किया तो लुटेरों ने नीरज के सिर पर चाकू से हमला कर जान से मारने की धमकी दी।

मां लीलावती ने बेटे का बचाव करने का प्रयास किया तो बदमाशों ने उसके साथ भी धक्कामुक्की कर सड़क पर गिरा दिया। इसके बाद बदमाश बैग लूटकर भाग निकले। नीरज ने शोर मचाया तो कुछ लोग पहुंचे मगर तब तक लुटेरे पुरवा कस्बे की तरफ भाग निकले थे। राहगीरों की मदद से लूट के शिकार मां-बेटे पुरवा कोतवाली पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कोतवाली प्रभारी कौशलेंद्र सिंह पीड़ितों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे छानबीन करने के बाद पुलिस मां-बेटे को साथ लेकर बैंक पहुंची।

जहां मैनेजर दुर्गेश कुमार की मदद से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज सामने आने पर घायल नीरज ने एक संदिग्ध युवक की पहचान की। नीरज ने बताया कि जब छीनाझपटी हो रही थी, तभी एक बदमाश के चेहरे से कुछ देर के लिए कपड़ा हट गया था। इसके बाद उसने जल्दी से फिर बांध लिया था। सूचना पर सीओ सुशील कुमार भी पहुंचे। पीड़ितों से बिंदुवार जानकारी लेने के बाद क्राइम ब्रांच और कोतवाली पुलिस को जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुरवा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

19 को है लीलावती की बेटी की शादी
लूट की शिकार लीलावती ने बताया कि 19 अप्रैल को बेटी की बारात आनी है। शादी की तैयारियों के लिए बैंक से नगदी निकाली थी। लूटपाट की जानकारी देते हुए लीलावती फफक कर रो पड़ी। जुबां पर बस एक ही बात थी कि बेटी की शादी कैसे होगी। परिजन समझा बुझाकर शांत कराने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन उसके आंसू थम नहीं रहे थे।
विज्ञापन


लूट से क्षेत्र में दहशत का माहौल
दिन दहाड़े व अति व्यस्त मार्ग पर लूट की वारदात की लोगों में भनक होते ही दहशत का माहौल हो गया। क्षेत्र में पूरे दिन घटनाक्रम की ही लोगों में चर्चा बनी रही। हर किसी के निशाने पर पुलिस की कार्यशैली रही।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें